सोनभद्र :शुक्रवार रात करीब आठ बजे बेटे ने हथौड़े से सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर अपनी मां को मार डाला। इसके साथ ही शव को कपड़े में लपेट कर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। सूचना पर पहुंची पीआरबी और बभनी पुलिस ने अधजले शव को अपने कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद गांव में भारी पुलिस फोर्स तैनात है।
घटना बभनी थाना क्षेत्र के बचरा गांव की है। कमलेश देवी (50) पत्नी स्व सत्यनारायण अपने घर में थी। पति सत्यनारायण की आठ साल पहले मौत हो चुकी है। वह अपने बेटे और बहू के साथ रहती थी। उसने कुछ बकरा और बकरी पाल रखा था। बेटा किशुन बिहारी उसे बेचना चाहता था। शुक्रवार को उसने एक व्यापारी को भी बुला लिया, लेकिन मां ने बेचने से इनकार कर दिया। इसे लेकर मां-बेटे में कहासुनी हुई। इसके बाद बेटा कहीं चला गया।इसके बाद रात 8 बजे उसका बेटा किशुन बिहारी कहीं से आया और अपनी मां को मारना शुरू कर दिया। इसके बाद घर में रखे हथौड़े पर उसकी नजर पड़ी और वह हथौड़े से मां के सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार करना शुरू कर दिया। हथौड़े के हमले से उसकी मां कमलेश देवी जमीन पर गिर पड़ी और मर गई। उसके मरने के बाद बेटा उसके शरीर को कपड़े से लपेट कर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दिया। वह धू धू कर जलने लगी लोगों को घटना की भनक लगते ही पीआरबी 112 को सूचना दिया। सूचना मिलते ही पीआरबी 112 मौके पर पहुंच गई और आग को बुझाया। इसके बाद थाने पर सूचना दिया। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक अभय नाथ सिंह मयफोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचने के बाद अधजले शव को अपने कब्जे में ले लिया और थाने ले आई। उधर घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है।एसओ सदानंद राय ने बताया कि मृतका के भाई सुखदेव ने बेटे और बहू के खिलाफ तहरीर दिया है। घटना की छानबीन की जा रही है। उच्चाधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है। शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेजा जा रहा है।

