घोरावल कोतवाली क्षेत्र के करीबराव गांव मे धोखाधड़ी कर आधार कार्ड से रूपये पैसेे निकालने की शिकायत पर पुलिस ने दो लोगों पर मुकदमा दर्ज किया था। आरोपियो की तलाश में पुलिस जुटी थी, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
घोरावल पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली। ग्राहक सेवा संचालित कर ग्राहकों के अंगूठे का क्लोन तैयार कर ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार हुए। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बायोमैट्रिक मशीन, अंगूठे का क्लोन, मोबाइल व नगद रुपये 44800 बरामद किया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल ने बताया कि शिवनरायन विश्वकर्मा पुत्र प्रेमनाथ विश्वकर्मा ग्राम कर्रीबराव ने तहरीर देकर बताया कि गांव के लवकुश यादव तथा मनोज यादव ने ग्राहक सेवा केन्द्र का संचालन कर आधार कार्ड के माध्यम से रुपये पैसा निकालने का कार्य करते हैं। दिनांक 10 जुलाई को शिवनरायन विश्वकर्मा लवकुश यादव के पास दस हजार रुपये व दिनांक 11 जुलाई को मनोज यादव के पास पांच हजार रुपये निकलवाने के लिए गया तो बायोमैट्रिक मशीन पर अंगूठा लगवाकर बताया कि सर्वर डाउन है पैसा नहीं निकलेगा तथा बगल में रखी पिघली हुयी मोमबत्ती पर अंगूठा लगवाकर आश्वासन दिया कि रुपये निकालकर दे दूंगा। परन्तु उनके द्वारा शिकायतकर्ता को सर्वर डाउन होने का बहाना बताकर पैसा नहीं दिये। जब शिवनरायन अपने बैंक जाकर खाता की जांच करवाया तो दिनांक 10 जुलाई को दस हजार रुपये व 11 जुलाई को पांच हजार रुपये निकाला जा चुका था। उक्त घटना के सम्बन्ध में जांच कर घटना में संलिप्त आरोपियो की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक डॉ0 यशवीर सिंह द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय व क्षेत्राधिकारी घोरावल को विशेष निर्देश दिये गये। उक्त निर्देश के क्रम में क्षेत्राधिकारी घोरावल के निकट पर्यवेक्षण मे शनिवार को मामले से जुड़े संलिप्त दोनो आरोपियो को ग्राम कर्रीबराव से गिरफ्तार कर लिया गया तथा उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त इलेक्ट्रानिक सामान, अंगूठे का क्लोन व नगद रुपये बरामद किया गया। बरामदगी व गिरफ्तारी के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा-319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) व 66 सी आईटी एक्ट का अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।
एसएचओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियो ने कबूल किया कि वे लोग मोबाइल व बायोमैट्रिक मशीन का उपयोग कर ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी करके अपने वायलेट में पैसा ट्रांसफर कर लेते है। तथा पिघली हुई मोमबत्ती पर ग्राहकों का अंगूठा लगवाकर बाद में फेविकोल डालकर अंगूठे का क्लोन तैयार कर बाद में उसी अंगूठे के क्लोन का उपयोग करके ग्राहकों के खाते से पैसा निकालते थे। इसी तरीके से इनके द्वारा कुल 07 लोगों के साथ क्रमश: 2800, 6300, 3000, 4200, 5000, 10000, 6000 रुपये (कुल 37300 रुपये) का धोखाधड़ी किया गया है। उनके पास से दो बायोमैट्रिक मशीन, दो मोबाइल फोन, 6 अंगूठे का क्लोन, 44800 रुपये नगद बरामद किया गया।
बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल, निरीक्षक अपराध शमशेर यादव, हे0का0 नागेन्द्र यादव, आशुतोष राय तथा देवनरायन रहे।

