अशोक मद्धेशिया
संवाददाता
चोपन/सोनभद्र। राजमार्ग मुख्य बाजार बस स्टैंड पर उस समय बड़ा हादसा होने से बच गया जब एक ट्रक और कार की जोरदार भिड़ंत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ककरी अनपरा की तरफ से कार में सवार दंपति वाराणसी की तरफ किसी काम से जा रहे थे। कार सवार ककरी में बैंक कार्यरत है । बताया जा रहा है कि व्यक्ति अपनी पत्नी और बच्ची के साथ उतरकर चोपन में मिठाई खरीद कर जैसे ही कार चलाकर रोड पर आये ही थे कि पीछे से तेज़ रफ़्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी और घसीटते हुए ट्रक कार को कुछ दूर ले गई। भीड़ ज्यादा होने की वजह से ट्रक ड्राइवर ट्रक लेकर भाग नहीं पाया और ट्रक से कूदकर अपने भाग लिया। घटना के बाद देखते-ही-देखते मुख्य बाजार के रोड पर भीड़ लग गई और जाम लग गया । किसी ने प्रशासन को घटना की सूचना दी । प्रशासन आते ही दोनों वाहनों को रोड से हटवा कर थाने ले गई।
स्थानीय निवासियों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सड़क पर जगह-जगह खड़े बेतरतीब ऑटो की वजह से मुख्य बाजार में अतिक्रमण की स्थिति होने से रोड पर कम जगह होती है, जिस वजह से हल्की सी नादानी से बड़ा हादसा होने से बराबर खतरा बना रहता है।शुक्रवार की रात्रि लगभग 8 से 9 बजे के बीच हुआ एक्सीडेंट उसी का नतीजा था कि हादसा हो गया। संयोग अच्छा रहा कि दंपत्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ। हालांकि बच्ची हादसे काफी डरी-सहमी और भयभीत थी।
मुख्यमंत्री जी के आदेश की अवहेलना,सड़क हादसे को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ट्वीट के माध्यम से अधिकारियों को लगातार सचेत कर रहे हैं कि सड़कों पर अवैध टैक्सी स्टैंड को तत्काल हटाया जाए और सड़क को खाली कराया जाए ताकि सड़कों पर हो रहे अतिक्रमण के कारण दुर्घटना को रोका जा सके। दरअसल इन दिनों सूबे में सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है और मुख्यमंत्री का प्रयास है कि अभियान चलाकर सड़क दुर्घटनाओं में हो रही मृत्यु दर को कम किया जाए।
मगर चोपन में जिस तरह से अतिक्रमण अभी भी बदस्तूर जारी है ऐसे में यह कहा जा सकता है शायद लोकल प्रशासन को अतिक्रमण दिखता नहीं हैं या देखना नहीं चाहते हैं।

