सत्यपाल सिंह,,म्योरपुर/सोनभद्र। म्योरपुर के भलुही स्थित सर्वेश्वरी आश्रम में सोमवार को श्री सर्वेश्वरी समूह का स्थापना दिवस श्रद्धा और पारंपरिक तरीके से मनाया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर सुबह से ही आश्रम में धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। इसमें आसपास के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह पांच बजे प्रभात फेरी से हुई। श्रद्धालु सर्वेश्वरी आश्रम भलुही से प्रभात फेरी निकालकर म्योरपुर क़स्बे का भ्रमण कर आश्रम पहुंचे। इसके बाद सुबह आठ बजे आश्रम परिसर में ध्वजारोहण किया गया। पूजा-पाठ और सफलयोनि पाठ का आयोजन हुआ।
सुबह नौ बजे आश्रम में पहुंचे अतिथियों एवं संस्था के सम्मानित सदस्यों की मौजूदगी में आध्यात्मिक गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें आध्यात्मिक विचारों और संस्था के उद्देश्यों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
आयोजकों ने बताया कि स्थापना दिवस प्रत्येक वर्ष परंपरागत ढंग से मनाया जाता है। कार्यक्रम में सर्वेश्वरी समूह के संस्थापक परम पूज्य अवधूत भगवान राम जी तथा समूह के अध्यक्ष परम पूज्य पीठाधीश्वर बाबा श्री सिद्धार्थ गौतम राम जी के प्रति श्रद्धा व्यक्त की गई। आश्रम परिसर में दिनभर भक्तिमय वातावरण बना रहा।इस मौके पर शेषनाथ तिवारी,सोनाबच्चा अग्रहरि, पप्पू कुशवाहा, रजनीश श्रीवास्तव,लालजी,रामदेव, दिनेश गुप्ता सहित तमाम लोग मौजूद रहे।

