विषाक्त पदार्थ खाने से युवती की मौत
वैनी: थाना क्षेत्र के वैनी गांव में विषाक्त पदार्थ खाने से शुक्रवार की रात अनीता (24) की मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस को देने से पहले ही ससुराल वालों ने शव का दाह संस्कार कर दिया।वैनी गांव निवासी श्यामसुंदर पटेल की पत्नी अनीता शुक्रवार की शाम पांच बजे पारिवारिक कलह के चलते विषाक्त पदार्थ खा ली। रात करीब आठ बजे उसकी हालत बिगड़ने पर स्वजनों को पता चला। आनन-फानन में उसे देर रात राबर्टसगंज स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर घर पहुंचे। इस घटना की जानकारी अनीता के पिता रायपुर थाना क्षेत्र के पनिकप गांव निवासी सुरेश को हुई तो उन्होंने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। हालांकि पुलिस को सूचना देने से पहले ही स्वजनों ने दाह संस्कार कर दिया। बताया गया है कि अनीता श्यामसुंदर की दूसरी पत्नी थी और उससे चार वर्ष की बेटी है। पहली पत्नी से नौ साल का एक पुत्र भी है।

