सोनभद्र:-बीजपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात बाल संरक्षण इकाई व पुलिस की टीम ने मंडप में पहुंचकर बाल विवाह को रुकवा दिया। पुलिस ने राजस्थान से शादी रचाने आए लड़के व उसके पिता,रिश्तेदार के साथ ही लड़की के माता-पिता समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया।
जानकारी के अनुसार थाना बीजपुर क्षेत्र में नाबालिग लड़की की शादी राजस्थान के निवासी के साथ किए जाने की तैयारी हो रही थी। बारात आ चुकी थी। मंडप सज चुका था। विवाह की रस्में शुरू किए जाने की तैयारी चल रही थी। दूल्हन सजधज कर मंडप में जाने को तैयार थी। इसी बीच सूचना के आधार पर तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला प्रोबेशन अधिकारी पुनीत टंडन ने जिला बाल संरक्षण इकाई से संरक्षण अधिकारी गायत्री दुबे, सामाजिक कार्यकर्ता रोमी पाठक, ओआरडब्ल्यू शेषमणि दुबे, महिला शक्ति केंद्र से जिला समन्वयक साधना मिश्रा को तत्काल मौके पर भेजा। इसके बाद टीम ने रात में ही थाना बीजपुर पहुंच कर पुलिस से समन्वय स्थापित करते हुए पुलिस के साथ विवाह स्थल पर पहुंची। मंडप में शादी करने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान टीम ने किशोरी के माता-पिता से दुल्हन के उम्र के संबंध में साक्ष्य मांगा। किशोरी के उम्र के संबंध में प्राप्त साक्ष्य के आधार पर बालिका की उम्र 16 वर्ष पाई गई। उसके बाद टीम ने नाबालिग बालिका को अपने अभिरक्षा में लेते हुए बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किए जाने के लिए ले गई। विभाग की तरफ से रात में मंडप में शादी रुकवाने की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। बीजपुर थाना प्रभारी के अनुसार पुलिस ने राजस्थान से शादी रचाने के लिए आए लड़के, उसके पिता, दो रिश्तेदार व लड़की के माता-पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को उनका चालान कर दिया।
दूल्हा मंडप के जगह पहुँचा हवालात,दूल्हा सहित6 गिरफ्तार
---Advertisement---

