सेराजुल हुदा
दुद्धी / सोनभद्र । प्रत्येक शनिवार की भांति इस शनिवार को भी दुद्धी को जिला बनाने की मांग को लेकर कचहरी गेट पर अधिवक्ताओं सहित जिला बनाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने दोपहर को जमकर प्रदर्शन व नारेबाजी किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि यह दुद्धी तहसील क्षेत्र आदिवासी बाहुल्य पिछड़ा क्षेत्र है। दुद्धी तहसील का बॉर्डर सोनभद्र जनपद मुख्यालय से 150 किलोमीटर की दूरी पर है। दुद्धी को जिला बनाये जाने की मांग पिछले काफी वर्षों से किया जा रहा है। इसके साथ ही दुद्धी जिला बनने के सभी मानक को भी पूरा कर रहा है और सरकार को भारी मात्रा में रेवेन्यू दुद्धी से मिलता है फिर भी दुद्धी को जिला घोषित नही किया गया।कहा कि चुनाव के दौरान प्रदेश व केंद्र के मंत्रियों व नेताओं ने दुद्धी को जिला बनाने का वादा किया था। इसलिए चुनावी वादा पूरा करते हुए दुद्धी को जिला बनाया जाए और विकास कराया जाए। इस मौके पर सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विष्णुकांत तिवारी, वरिष्ठ अधिवक्ता कुलभूषण पांडेय, सचिव राजेंद्र प्रसाद, सत्यनारायण यादव, राकेश कुमार अग्रहरी, आशीष कुमार, कृष्णा कुमार, अमरावती देवी, श्रीकांत सहित काफी संख्या मे जिला बनओ संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारीयों सहित अधिवक्ता गण मौजूद थे।

