घोरावल (सोनभद्र): घोरावल कोतवाली क्षेत्र के सिरसाई गांव में सड़क दुर्घटना में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वह अपनी बहन की ससुराल से शुक्रवार की रात लगभग दस बजे अपने घर लौट रहा था। सड़क पर घूम रहे छुट्टा सांड से टकरा कर बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्वजन ने उसे घायलावस्था मे घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। ट्रामा सेंटर ले जाने के दौरान देर रात रास्ते में उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार पड़वनिया गांव निवासी विकास उर्फ बबलू 19 वर्ष पुत्र कैलाश शुक्रवार को अपनी बहन के घर खिरिहिटा गांव गया था। उसके साथ उसके माता-पिता और छोटा भाई भी खिरिहिटा गांव गए थे।बताया गया कि हादसे के 3 दिन पहले विकास की बहन को पुत्र पैदा हुआ था। उसी को देखने के लिए विकास और उसके स्वजन शुक्रवार की सुबह क्षेत्र के खिरिहिटा गांव गए थे। शुक्रवार की रात विकास अकेले ही बाइक से अपने घर पड़वनिया वापस जा रहा था। इसी दौरान घोरावल गुरूवल मार्ग पर केवटा ग्राम पंचायत के सिरसाई गांव मे मुख्य मार्ग पर बाइक के सामने अचानक एक छुट्टा सांड आ गया। सांड से टकरा कर वह हादसे का शिकार हो गया और गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर घायल विकास की जेब से मिले मोबाइल में लोगों ने उसी मोबाइल में रहे एक नंबर को डायल कर घटना की जानकारी दी। घटना की जानकारी होते ही स्वजन और रिश्तेदार अस्पताल पहुंचे और उधर घटनास्थल पर जुटे लोग विकास को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी हालत नाजुक देखकर डॉक्टर ने बीएचयू ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर ले जाते समय रास्ते में विकास की मौत हो गई। हादसे के बाद स्वजन में कोहराम मच गया। उधर तेज रफ्तार बाइक के जोरदार धक्के से सांड की भी मौत हो गई।

