दीपू तिवारी संवाददाता पिपरी
*सोनभद्र पिपरी* विद्युत वितरण खंड पिपरी से मिल रही जानकारी के अनुसार, 40 MVA का ट्रांसफार्मर, जो की 27 अगस्त शाम को 132 kv रिहंद पावर हाउस पर आकाशीय बिजली गिरने की वजह से क्षतिग्रस्त हो गया था, उसका स्थान लेने के लिए दूसरा ट्रांसफार्मर चुनार से पिपरी के लिए रवाना किया जा चुका है। जो की कल सुबह तक पिपरी पहुंचना अपेक्षित है।
तत्पश्चात आगे की प्रक्रिया में 4 से 5 दिन और लगने की संभावना है। उसके बाद ही विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों में सुचारू रूप से बिजली व्यवस्था बहाल हो पाएगी।
ज्ञात है कि विद्युत वितरण खंड पिपरी के अधिशासी अभियंता सुजीत कुमार गुप्ता ने यह जानकारी दी थी की 27 अगस्त की शाम आकाशीय बिजली की वजह से रिहंद पावर हाउस से संचालित 40 MVA का ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया है। काफी प्रयास के बाद भी ट्रांसफार्मर की मरम्मत नहीं की जा सकी और जिसकी वजह से रेणुकूट, खाड़पाथर, दुद्धी ब्लाक, बभनी ब्लाक, एवं म्योरपुर ब्लॉक में विद्युत आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
अब जानकारी मिल रही है कि चुनार से दूसरा ट्रांसफार्मर पिपरी के लिए रवाना किया जा चुका है जो कल सुबह तक पिपरी पहुंच जाने की संभावना है। तत्पश्चात 4 से 5 दिनों के अंदर विद्युत व्यवस्था बहाल कर दी जाएगी। हालांकि वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कुछ समय के लिए विद्युत आपूर्ति दी जा रही थी जिससे आम जनमानस की परेशानी को थोड़ा कम किया जा सके।

