सोनभद्र:-नगवां ब्लाक क्षेत्र के रायपुर थाना क्षेत्र में रायपुर निवासी 65 वर्षीय शशिकांत सिंह की अपने छत पर से गिरकर मौत हो गई। घटना के समय वह घर में अकेले थे। उनकी पत्नी एक विवाह समारोह में गई हुई थीं।
उनके पड़ोसी विनोद सिंह ने बताया कि शशिकांत सिंह बुधवार की रात घर पर अकेले छत पर थे कि अचानक गिर पड़े। कुछ समय तक बेहोशी के बाद ज़ब उन्हें होश आया तो मदद के लिए आवाज दी। उनकी आवाज सुन कर वहां जा कर देखा तो शशिकांत जमीन पर पड़े थे। उनकी हालात बहुत ही खराब थी। समय बहुत निकल चुका था। ऐसे में उन्हें लेकर सीधा जिला अस्पताल पहुंचा। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शशिकांत सिंह अपने पत्नी के साथ रहते थे। बुधवार की रात उनकी पत्नी बगल के ही गांव आमडीह में किसी शादी समारोह में गईं थीं। एक लड़की है, जो अपने ससुराल में है। गुरुवार को परिवार के लोगों ने रायपुर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भिजवा दिया। थाना प्रभारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले में कुछ कहा जा सकता है।

