कोन संवाददाता(जयदीप गुप्ता)। विकासखंड कोन के चांचीकला मोड़ पंचमुहान से थाना परिसर की ओर जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार हो गई है। सड़क के बीचों-बीच बने बड़े गड्ढे में बारिश का पानी भर जाने से यह मार्ग नाले का रूप ले चुका है। जलजमाव के कारण राहगीरों, स्कूली छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जाता है कि यह सड़क कस्बा के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसी मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों स्कूली बच्चे अपने विद्यालय आते-जाते हैं। सड़क पर भरे पानी और कीचड़ के कारण बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार दोपहिया वाहन चालक गड्ढे का अंदाजा नहीं लगा पाते और गिरकर चोटिल भी हो जाते है वही बड़ी दुर्घटना होने का भी खतरा बना रहता है।
इसके अलावा इसी मार्ग से लोगों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और थाना परिसर तक आवागमन होता है। प्रतिदिन दर्जनों फरियादी अपनी समस्याओं को लेकर इसी रास्ते से थाने पहुंचते हैं। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय निवासी हरिशंकर वर्मा, अनुज जायसवाल, सोनू, रमेश जायसवाल सहित अन्य लोगों ने बताया कि लंबे समय से सड़क की हालत खराब है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान इस ओर नहीं जा रहा है। उनका कहना है कि सड़क पर बना गड्ढा अब लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है। पानी भरने के कारण यह मार्ग सड़क कम और नाला अधिक नजर आता है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार इस समस्या से संबंधित विभाग को अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है और बरसात ज्यादा होने की स्थिति में घरों में भी पानी घुसने लगेगा।
स्थानीय निवासियों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि तत्काल सड़क का निरीक्षण कर गड्ढे की मरम्मत कराई जाए और जलनिकासी की उचित व्यवस्था की जाए, जिससे लोगों का आवागमन सुचारू रूप से हो सके। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द समाधान की उम्मीद जताई है।

