सेराजुल हुदा
दुद्धी / सोनभद्र।14 सितंबर हिंदी दिवस के अवसर पर स्थानीय दुद्धी प्रेस क्लब के मीडिया परिवार द्वारा हिन्दी भाषा के सम्मान एवं बढ़ावा देने के लिए गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन एवं अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।गोष्ठी को संबोधित करते हुए एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता ने कहा कि हिंदी भाषा हमारी पहचान और गौरवशाली संस्कृति का आधार है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज को जागरूक करने और लोगों को जोड़ने मे हिंदी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग मे भी हिंदी का दायरा लगातार बढ़ रहा है। दैनिक जीवन के साथ-साथ राजकीय कार्यों मे भी हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग कर इसके सम्मान को बढ़ाना चाहिए।नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने कहा कि हिंदी देश को एक सूत्र में पिरोने वाली भाषा है। वहीं म्योरपुर ब्लॉक प्रमुख मान सिंह गोंड ने ग्रामीण अंचलों में हिंदी के महत्व पर प्रकाश डाला। राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य राजेश भारती ने हिंदी के साहित्यिक एवं सांस्कृतिक योगदान पर विचार रखे।
इस अवसर पर अतिथियों ने स्थानीय पत्रकारों को डायरी और पेन भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन दुद्धी प्रेस क्लब अध्यक्ष रमेश यादव ने किया।
इस मौके पर क्लब के संरक्षक उपेंद्र कुमार तिवारी, सचिव रवि सिंह, इब्राहिम खान, विमल यादव, दैवी शक्ति राजा, सेराजुल, मनीष, विवेक, सेराज खान समेत बड़ी संख्या में स्थानीय पत्रकार, प्रबुद्धजन एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

