कोन संवाददाता(जयदीप गुप्ता)।
कोन। तेलगुडवा से विंडमगंज जा रही यात्रियों से भरी एक निजी बस शुक्रवार की सुबह करीब 9 बजे तेलगुड़वा–कोन मार्ग पर कोटा में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में आधा दर्जन से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य यात्रियों को भी हल्की चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस जैसे ही कोटा के पास पहुंची, अचानक उसका स्टेरिंग जाम हो गया, जिससे चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क किनारे पलट गई। बताया जा रहा है कि बस में उस समय लगभग 35 से 40 यात्री सवार थे। बस के पलटते ही यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत कार्य शुरू किया।
स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कई यात्री बस में दब गए थे, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को निजी वाहनों और एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही चोपन थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। वहीं पुलिस का कहना है कि घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था की जा रही है।वहीं कुछ जिम्मेदारों की माने तो उनका कहना है कि सड़क के बदतर हालत ही ऐसी दुर्घटनाओं का जिम्मेदार है सड़क खराब होने से आए दिन ऐसी दुर्घटनाएं हो रही है।

