सेराजुल हुदा
दुद्धी/ सोनभद्र। सड़क दुर्घटनाओं एवं जाम की समस्या पर अंकुश लगाने के लिए कस्बे के मुख्य मार्ग पर पटरियों व सरकारी जमीनों पर हुए अतिक्रमण को लेकर आज सोमवार को उप जिलाधिकारी निखिल यादव के नेतृत्व मे पुलिस व नगर पंचायत की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण कारियों को सख्त चेतावनी देते हुए दो दिनों के अंदर हटाने का निर्देश दिया। एसडीएम ने अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी दी कि एक-दो दिनों में स्वयं अतिक्रमण हटा लें, वरना कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम निखिल यादव, सीओ राजेश कुमार राय, तहसीलदार अंजनी गुप्ता व ईओ अमित कुमार ने तहसील तिराहे से बस स्टैंड तक सड़क के दोनों ओर की पटरियों सहित बस स्टैंड के पिछले हिस्से का जायजा लिया। टीम ने कस्बे के लेखपाल विनय गुप्ता से जमीनों की वास्तुस्थिति की जानकारी भी ली।
स्थलीय जायजा के बाद एसडीएम ने ईओ अमित कुमार से अतिक्रमण हटाने व प्रभावित लोगों को वैकल्पिक सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराने की नगर पंचायत की योजना मांगी। उन्होंने निर्देश दिए कि इसे तैयार कर एक-दो दिनों में उपलब्ध कराएं, ताकि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जा सके। एसडीएम ने कहा कि सड़क किनारे अतिक्रमण से आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है और जाम की समस्या भी बढ़ रही है।

