शक्तिनगर (सोनभद्र)।
थाना शक्तिनगर क्षेत्र अंतर्गत बीना कॉलोनी में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दबंगों ने एक युवक को गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट दिया। पीड़ित युवक की पहचान प्रणय शर्मा, निवासी कृष्णशीला क्षेत्र बीना के रूप में हुई है।
पीड़ित के अनुसार, दिनांक 29 दिसंबर 2025 को लगभग 2 बजे दिन राजकुमार शर्मा, प्रकाश नारायण और गोलू दुबे ने अचानक उनके घर के सामने हमला कर दिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे प्रणय शर्मा को शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
मारपीट के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए बोलेरो वाहन (MP17 ZQ 3299) से फरार हो रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कॉलोनी निवासी नवीन कुमार सिंह की मोटरसाइकिल (DL 35 R 2720) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नवीन कुमार सिंह बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े और उन्हें भी गंभीर चोटें आईं।
घायल नवीन कुमार सिंह को तत्काल नेहरू अस्पताल, जयंत में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। दुर्घटना में मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पीड़ित प्रणय शर्मा ने थाना शक्तिनगर में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े होंगे।

