अनपरा, सोनभद्र।
डीएवी विद्युत पब्लिक स्कूल अनपरा में महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय गणित दिवस (22 दिसंबर) बड़े उत्साह और शैक्षणिक वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा गणित की रोचकता और उपयोगिता को दर्शाने वाले विविध कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम के अंतर्गत छात्रों ने रामानुजन के जीवन पर आधारित नाटक, नृत्य के माध्यम से बोडमास, शेप्स और एंगल की प्रस्तुति, गणितीय क्विज प्रतियोगिता तथा गणित पर आधारित कविताओं का पाठ कर सभी को प्रभावित किया। प्रस्तुतियों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि गणित केवल अंकों का खेल नहीं, बल्कि जीवन से जुड़ा विषय है।
इस अवसर पर गणित अध्यापिका श्रीमती रुचि दुबे एवं श्रीमती किरण मौर्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “गणित डर का नहीं, समझ का विषय है। यह केवल किताबों और सूत्रों तक सीमित नहीं, बल्कि तार्किक सोच, समस्या समाधान और अनुशासन विकसित करने की कला है।”
उन्होंने छात्रों को गणित को रुचि के साथ पढ़ने और समझने के लिए प्रेरित किया तथा बताया कि दैनिक जीवन में भी गणित की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही, जिससे राष्ट्रीय गणित दिवस का आयोजन ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बन गया।
गणित डर नहीं, समझ का विषय है डीएवी विद्युत पब्लिक स्कूल अनपरा में राष्ट्रीय गणित दिवस पर विशेष आयोजन।
By: वली अहमद सिद्दीकी (प्रधान संपादक)
On: Monday, December 22, 2025 3:15 PM
---Advertisement---

