सोनभद्र:दुद्धी कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर रात विवाह पार्टी में शामिल हो घर लौट रहे एक ही परिवार के पांच लोगों को एक नशे में धुत कार चालक ने टक्कर मार दी।जिसके बाद सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया, लेकिन अस्पताल की लापरवाही ने परिजनों का आक्रोश और बढ़ा दिया।आरोप है कि घायलों के अस्पताल पहुंचने के बाद लगभग आधे घंटे तक कोई डॉक्टर और नर्स मौके पर पहुंच कर इलाज शुरू किया, जिससे घायलों को काफी देर तक तड़पते रहना पड़ा। इस लापरवाही को लेकर घायलों के परिजनों ने जमकर हंगामा किया। हंगामे के बाद अस्पताल स्टाफ मौके पर पहुंचे और प्राथमिक उपचार शुरू किया गया।
घायल महिलाओं ने बताया कि वे लोग दुद्धी स्थित तुलसी निकेतन में अपने रिश्तेदार की शादी पार्टी में शामिल होने गए थे। रात करीब 12 बजे जब वे वापस लौट रहे थे, तभी
कार ने उन्हें अचानक जोरदार टक्कर मार दी। कार चालक पूरी तरह नशे में धुत था और उसी पार्टी में शामिल होने आया था। अगर मौके पर मौजूद लोगों ने समय रहते उन्हें अस्पताल नहीं बचाया होता, तो घटना और भी गंभीर हो सकती थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल होने वालों में ग्लेडिस मसीह (55 वर्ष) पत्नी जयवंत मसीह, श्वेता मसीह (28 वर्ष) पुत्री जयवंत मसीह, अर्चना दास (30 वर्ष) पत्नी अमित दास, अनुष्का दास (13 वर्ष) पुत्री अमित दास, सभी निवासी मलदेवा शामिल हैं। वहीं राहुल मसीह (25 वर्ष) पुत्र गुड्डू मसीह, निवासी वार्ड नंबर 11 भी इस हादसे में घायल हो गया। बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचते ही राहुल मसीह अचानक बेहोश हो गया।
सूचना मिलते ही दुद्धी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों से घटना की जानकारी ली। पुलिस कार चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई करने में जुट गए।

