घोरावल (सोनभद्र): कोतवाली क्षेत्र के मुंगेहरी गांव के चट्टी के समीप सोमवार की रात कार की चपेट में आने से बाइक सवार पति-पत्नी गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल भिजवाया।
मिली जानकारी के अनुसार बृजेश 36 वर्ष पुत्र रामजन्म अपनी पत्नी रीता 32 वर्ष निवासी ग्राम कनेटी जोकि घर में आयोजित विवाह समारोह के लिए कुछ खरीदारी करने के लिए घोरावल गए थे। खरीदारी करने के बाद सोमवार की रात दोनों पति-पत्नी बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज गति से विपरीत दिशा से आ रही कार की चपेट मे आ गए। हादसे में पत्नी बाइक से दूर जा गिरी और घायल हो गई। वहीं बृजेश कार में फंसकर कुछ दूर घसीट गया और गंभीर रुप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों को घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। बृजेश की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहां उसकी मौत हो गई।
बताया गया कि बृजेश के भतीजी की शादी मंगलवार को होनी है। घर में मांगलिक कार्य मे खलल पड़ गया। स्वजन में कोहराम मच गया। पूरा माहौल किरकिरा हो गया, लोग गम में डूब गए। मृतक बृजेश 5 भाईयों में बड़ा था और उसके दो बेटे व दो बेटी हैं।इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि जिला अस्पताल में आवश्यक कार्रवाई पंचनामा आदि करते हुए मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मंगलवार को सुबह मर्चरी हाउस भेज दिया गया है। स्वजन से मिली तहरीर पर मंगलवार को मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कार को कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया है। चालक फरार है। पुलिस चालक की तलाश में जुटी है।

