घोरावल(पी डी)सोनभद्र:-स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के पड़वनिया गांव में भूत-प्रेत के चक्कर में एक महिला के सिर का बाल मुंडवा कर उसके चेहरे पर रोरी चूना और कालिख पोतकर तथा जूता चप्पल की माला पहनाकर गांव में घुमाने तथा जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है।मामला कुछ दिनों पूर्व का बताया जा रहा है। मामला सुर्खियों में आने के बाद क्षेत्र में हलचल सी मच गई है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ शुक्रवार की रात मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। क्षेत्र के पड़वनिया गांव के एक व्यक्ति को शक था कि महिला ने उसके बेटे व बहू पर भूत-प्रेत कर रखा है। इसको लेकर गांव में पंचायत भी कराई गई। जहां पर
पीड़ित महिला को दोषी बनाया गया। इसके बाद भूत-प्रेत के शक में महिला के सिर का बाल मुड़वा कर चेहरे पर चुना रोरी और कालिख पोता गया। फिर महिला को जूता चप्पल की माला पहनाकर गांव में घुमाया गया। कुछ दिनों तक डर के मारे मामला गांव स्तर पर ही दबा रहा। लेकिन शुक्रवार को पुलिस के पास मामला आते ही हड़कंप मच गया। पीड़िता का आरोप है कि मामले से जुड़े विपक्षियों ने फिर से उसे जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित महिला की तहरीर पर पुलिस ने मामले से जुड़े आरोपितों के साथ-साथ ओझा सोखा पर भी कार्रवाई की है। पुलिस ने हरि पुत्र छोटे, अगनू व अशोक पुत्रगण हरि, झमझम उर्फ छोटे पुत्र चोराटी, बउ पुत्र झमझम उर्फ छोटे निवासी पड़वनिया, दनिया पत्नी मुखड़ू निवासी पूरना, रामजी व कमलेश पुत्रगण चिखुर निवासी बिसरेखी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आरोपितो की तलाश शुरू कर दी है। घोरावल कोतवाली प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपितो की गिरफ्तारी के लिए तलाश की जा रही है।
भूत-प्रेत के चक्कर में महिला के सिर का बाल मुंडवा कर चेहरे पर रोरी चूना और कालिख पोतकर,तथा जूता चप्पल की माला पहनाकर गांव में घुमाने का वीडियो वायरल, मुकदमा दर्ज
---Advertisement---

