मुकदमा वापस ना होने की स्थिति मे बड़े आंदोलन तथा चक्का जाम करने की दी चेतावनी ।
सोनभद्र:जनप्रतिनिधियों का पुतला दहन करने वाले किसानों पर पन्नूगंज कोतवाली मे मुकदमा दर्ज किए जाने के बाद जनपद के सभी किसान संगठन एक स्वर से किसानों पर दर्ज मुकदमा वापस कराने के लिए लामबंद हो गये हैं।
मुकदमा वापसी सुनिश्चित कराने के लिए आज संयुक्त किसान मोर्चे ( संगठन ) के बैनर तले किसान नेता जिलाधिकारी सोनभद्र को संबोधित ज्ञापन देने पहुंचे तो जिलाधिकारी कार्यालय मे अनुपस्थित रहे । किसान नेताओं ने ओसी श्याम प्रताप सिंह को ज्ञापन सौंपकर पन्नूगंज कोतवाली मे दर्ज पूर्वांचल नव निर्माण मंच तथा पूर्वांचल नव निर्माण किसान मंच के किसानों का मुकदमा वापस कराने की मांग की ।
भारतीय किसान यूनियन के नेता मनीराम पटेल ने बताया लखीमपुर खीरी मे मृतक किसानो को न्याय देने मे जब उत्तर प्रदेश सरकार आनाकानी करने लगी तो संयुक्त किसान मोर्चे ने पुतला दहन का आह्वान राष्ट्रीय स्तर पर किया था। मनीराम पटेल ने कहा संयुक्त किसान मोर्चे के आह्वान के क्रम मे ही सोनभद्र के भवानी गांव मे पूर्वांचल नव निर्माण मंच तथा पूर्वांचल नव निर्माण किसान मंच के किसानों ने 16 अक्टूबर को जनप्रतिनिधियों का पुतला दहन किया था लोकतांत्रिक तरीके से। लेकिन पन्नूगंज कोतवाली पुलिस किसानों द्वारा किए गए पुतला दहन को पता नही किस आधार पर असंवैधानिक बताकर मुकदमा दर्ज कर लिया। कहा किसानों पर मुकदमा दर्ज किया जाना किसानों को भयाक्रांत करने की नाकामयाब कोशिश है और योगी सरकार को बदनाम करने का प्रयास भी। मनीराम पटेल ने कहा किसानों पर मुकदमा दर्ज किए जाने से नाराज किसानों मे सरकार के प्रति सीधी नाराजगी बढ़ी है । कहा यदि जिलाप्रशासन अविलंब मुकदमा वापस नहीं लेता है तो संयुक्त किसान मोर्चे के नेतृत्व मे बड़ा आंदोलन तथा प्रदर्शन करने के साथ साथ चक्का जाम भी करेंगे जनपद के किसान संगठन सभी एक मंच पर आकर ।
भारतीय किसान यूनियन जनशक्ति के प्रदेश उपाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह तथा भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह ने मंच के किसानों पर मुकदमा दर्ज किए जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि किसानों की जायज आवाज को दबाने के लिए सरकार पुलिस बल का प्रयोग कर रही है, जो खुद सरकार के लिए ही आगामी चुनावों के लिए नुकसानदेह साबित होगा । नेता द्वय ने भी मुकदमा वापस ना होने की स्थिति मे बड़े आंदोलन की चेतावनी दी । कहा यदि मुकदमा वापस नही किया गया तो संयुक्त किसान मोर्चे के नेतृत्व मे जनपद के किसान कभी भी बड़ा आंदोलन छेड़ने को बाध्य होंगे । किसानों के समर्थन मे कलेक्ट्रेट पहुंचे टीम 50 के नेता नितीश कुमार चतुर्वेदी ने कहा हम सभी किसान परिवार से हैं , किसान आज इतना उपेक्षित है की अपनी आवाज भी लोकतांत्रिक तरीके से भाजपा सरकार मे नहीं उठा सकता । नितीश चतुर्वेदी ने कहा टीम 50 किसानों की लड़ाई मे किसानों के मोर्चे के साथ खड़ी है।
ज्ञापन देने पहुंचे मुख्य रुप से भारतीय किसान यूनियन के नेता मनीराम पटेल, ओमप्रकाश सिंह, भारतीय किसान यूनियन जनशक्ति के प्रदेश उपाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह, पूर्वांचल नव निर्माण मंच के अध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी तथा उपाध्याय गिरीश पाण्डेय, अभय पटेल, महेश देव पांडेय, आनंद पाण्डेय, रोहित सिंह, प्रदीप पटेल ने मुकदमा वापस कराने के साथ साथ कोरोना के कारण बंद किए गए किसान दिवस की पुनः शुरुआत कराने की मांग जिलाधिकारी से की।

