*वेतन नहीं मिलने से नाराज सफाई कर्मियों ने मुख्य महाप्रबंधक को सौंपा ज्ञापन, किया विरोध प्रदर्शन*

---Advertisement---

रेशमा खानम,,,अनपरा, सोनभद्र। अनपरा तापीय परियोजना की कॉलोनी में सफाई कार्य करने वाले श्रमिकों ने समय से वेतन और अन्य सुविधाएं नहीं मिलने से नाराज होकर सोमवार को परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपा और विरोध प्रदर्शन किया। श्रमिकों ने आरोप लगाया कि उन्हें सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी के अनुसार भुगतान नहीं किया जा रहा है और कई महीनों से वे आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

मजदूरों ने बताया कि अनपरा तापीय परियोजना की स्थायी एवं अस्थायी कॉलोनियों में सफाई व्यवस्था का कार्य मुख्य संविदाकार आरके एसोसिएट के पास है। आरोप है कि मुख्य संविदाकार द्वारा यह कार्य पेटी ठेके पर शिवा कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया है, जिसके संचालक शिवा सिंह के माध्यम से श्रमिकों से काम कराया जा रहा है।
सफाई कर्मियों का कहना है कि उन्हें शासनादेश के अनुरूप न्यूनतम मजदूरी नहीं दी जा रही है और न ही समय पर वेतन का भुगतान किया जाता है। मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया कि सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर केवल औपचारिकताएं पूरी की जाती हैं तथा उन्हें ईपीएफ और ईएसआईसी से संबंधित दस्तावेज एवं रसीदें भी उपलब्ध नहीं कराई जाती हैं।

श्रमिकों के अनुसार जब उन्होंने इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से शिकायत की तो अधिकारियों ने इसे ठेकेदार का मामला बताते हुए जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। वहीं ठेकेदार की ओर से यह कहा गया कि उन्हें मुख्य भुगतान समय से नहीं मिल रहा है, इसलिए मजदूरों को भी समय पर भुगतान नहीं किया जा सकता।
मजदूरों ने बताया कि लगातार वेतन न मिलने और कम भुगतान के कारण उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। कई श्रमिकों के सामने परिवार चलाने और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई जैसी आवश्यक जरूरतों को पूरा करने का संकट खड़ा हो गया है।
इस मौके पर जिला संविदा श्रमिक यूनियन सीटू के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र पाल ने कहा कि संगठन पहले भी कई बार पत्र के माध्यम से प्रबंधन को इस समस्या से अवगत करा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि शासनादेश के अनुसार मजदूरों को वेतन और सुविधाएं दिलाना प्रबंधन की जिम्मेदारी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पेटी ठेकेदारी व्यवस्था के कारण मजदूरों का शोषण हो रहा है और उनकी मेहनत की कमाई पर डाका डाला जा रहा है। उन्होंने मांग की कि प्रबंधन तत्काल मामले का संज्ञान लेकर श्रमिकों को न्यूनतम मजदूरी, समय पर भुगतान तथा ईपीएफ और ईएसआईसी जैसी सुविधाएं सुनिश्चित कराए।

विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान सफाई कर्मी संतोष कुमार, सुनील कुमार, अशोक, इन्द्रजीत, चमेली, मुन्नी, किताबी देवी, आकाश, शंभू, कुसमी, सरीरा, राजेन्द्र, अजय कुमार, साधू, चन्द्रिका, बिरू, बब्लू, जगदीश, मुस्कान सहित बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे।

वली अहमद सिद्दीकी (प्रधान संपादक)

वली अहमद सिद्दीकी एक वरिष्ठ भारतीय पत्रकार हैं और वर्तमान में crimejasoos.news के प्रधान संपादक हैं। उन्होंने पत्रकारिता में 15 वर्षों से अधिक समय बिताया है और राष्ट्रीय और क्षेत्रीय समाचारों को कवर किया है। वे राजनीति और क्षेत्रीय रिपोर्टिंग, विशेष रूप से उत्तर प्रदेश के सोनभद्र क्षेत्र में, के विशेषज्ञ हैं।
For Feedback - Feedback@crimejasoos.news

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment