आगामी त्योहारों के मद्देनजर पुलिस लाइन में एसपी ने की व्यापारियों के साथ बैठक, कहा- कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सतर्कता बहुत जरूरी
– खलियारी में व्यापारी के यहां हुई चोरी की घटना के त्वरित खुलासे के लिए व्यापार मंडल ने एसपी को सौंपा अभिनंदन पत्र, होलिका दहन स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा की मांग की
सोनभद्र। आगामी त्योहारों के मद्देनजर बुधवार को पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने व्यापारियों के साथ बैठक की। शांति-सौहार्द में व्यापारी समाज की भूमिका को अहम बताते हुए उन्होंने प्रशासन के सहयोग की अपील की। साथ ही, कोरोना के बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर व्यापारी समाज को सचेत और सतर्क किया। कहा कि कोरोना के मद्देनजर शासन से जारी नई गाइड लाइन का अनुपालन बाजारों में पूरी तत्परता से सुनिश्चित कराया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो, इसके लिए पूरी गंभीरता बरती जानी चाहिए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से देश के विभिन्न हिस्सों के साथ प्रदेश में भी कोरोना के मामले बढ़े हैं। किसी तरह की आशंकाओं, अफवाहों से बचते हुए जरूरी है कि हम सभी कोरोना से बचाव के उपायों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। होली के त्योहार के मद्देनजर बाजारों में भीड़ बढ़ेगी। ऐसी स्थिति में जरूरी है कि व्यापारी समाज कोरोना से बचाव की नई गाइड लाइन का अनुपालन पूरी तत्परता से सुनिश्चित कराए। दुकानों, प्रतिष्ठानों पर माॅस्क,
सैनिटाइजर और सोशल डिस्टेंसिंग की अनिवार्यता सुनिश्चित की जाए। ताकि, आने वाले समय में लाॅकडाउन जैसी स्थितियों की नौबत ही न आने पाए।
यह भी कहा कि शांति-सौहार्द के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह तत्पर है। व्यापारियों की सुरक्षा की अनदेखी किसी स्तर पर नहीं होने दी जाएगी। व्यापारी समाज शांति-सौहार्द कायम रखने में प्रशासन का सहयोग करे। इस मौके पर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राजेश गुप्ता की अगुवाई में पुलिस अधीक्षक को अभिनंदन पत्र भेंट किया गया। यह अभिनंदन पत्र पिछले दिनों खलियारी में एक व्यापारी के यहां हुई चोरी की घटना के त्वरित खुलासे के लिए दिया गया। साथ ही, होली के मद्देनजर किसी तरह की आशंका से निबटने के लिए होलिका दहन स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा बंदोबस्त का आग्रह किया गया। इस मौके पर व्यापार मंडल के जिला महामंत्री राजेश बंसल, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष संदीप सिंह चंदेल, जिला प्रवक्ता प्रकाश केशरी, नगर अध्यक्ष आनंद जायसवाल, युवा व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष रमेश जायसवाल के अलावा श्यामलाल केशरी, अजय केशरी, सुरेश केशरी, अंशु अग्रहरि समेत अन्य व्यवसायी मौजूद थे।

