दुद्धी मे पत्रकार की बिटिया बनी डाक्टर, क्षेत्र मे हर्ष का माहौल।।

By: Mohammad Shahenoor HASSAN

On: Friday, July 17, 2026 11:17 PM

---Advertisement---

(सेराजुल हुदा,क्राइम जासूस)

दुद्धी / सोनभद्र।

स्थानीय कस्बा निवासी मो• शमीम अंसारी (पत्रकार), जो एक लंबे समय से इस क्षेत्र मे पत्रकारिता के कार्य को अंजाम दे रहे हैं उनकी होनहार बिटिया डाक्टर ऐमन अंसारी ने एमबीबीएस की डिग्री हासिल कर इस पिछड़े आदिवासी क्षेत्र का नाम पूरे जनपद मे रौशन किया है। आपको मालूम रहे कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी मे लंबे समय से रिक्त चल रहे महिला चिकित्सक के पद पर डॉ. ऐमन अंसारी की दो वर्ष के लिए संविदा पर नियुक्ति की गई है। महिला चिकित्सक की तैनाती की खबर मिलते ही क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। डॉ. स्मिता के पीजी की पढ़ाई के लिए जाने के बाद पिछले छह माह से यह पद रिक्त चल रहा था।
उत्तर प्रदेश चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग द्वारा 30 जून 2026 को लखनऊ में एमबीबीएस चिकित्सकों की भर्ती हेतु वॉक-इन इंटरव्यू( साक्षात्कार)आयोजित किया गया था। 7 जुलाई को घोषित परिणाम में डॉ. ऐमन अंसारी का चयन हुआ और उन्हें सोनभद्र जनपद आवंटित किया गया। महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार चयनित चिकित्सकों से नियमित डॉक्टरों के समान ओपीडी, आईपीडी, इमरजेंसी सहित सभी चिकित्सकीय कार्य लिए जाएंगे।
डॉ. ऐमन ने 8 जुलाई को मुख्य चिकित्साधिकारी सोनभद्र के समक्ष अपना योगदान प्रस्तुत किया था। शुक्रवार 17 जुलाई को सीएमओ द्वारा उनकी तैनाती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में करते हुए ज्वाइनिंग लेटर प्रदान किया गया। आदेश के अनुपालन में उन्होंने उसी दिन सीएचसी दुद्धी पहुंचकर केंद्र अधीक्षक डॉ. शाह आलम अंसारी के समक्ष कार्यभार ग्रहण कर लिया।
गौरतलब है कि जुलाई माह के प्रथम शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में तहसील मुख्यालय पहुंचे जिलाधिकारी से भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक साह के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने सीएचसी दुद्धी में महिला चिकित्सक की नियुक्ति की मांग की थी। शासन द्वारा संवेदनशील क्षेत्र दुद्धी में महिला चिकित्सक की तैनाती किए जाने पर क्षेत्रीय लोगों ने जिलाधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया है।
इनसेट : परिवार की दूसरी बेटी ने भी बढ़ाया क्षेत्र का मान
डॉ. ऐमन अंसारी की छोटी बहन डॉ. एरम अंसारी (एमबीबीएस) ने भी हाल ही में आयोजित ऑल इंडिया विदेशी मेडिकल स्नातक परीक्षा (एफएमजीई) उत्तीर्ण कर दुद्धी क्षेत्र का नाम रोशन किया है। 8 जुलाई को घोषित परिणाम में उन्होंने सफलता हासिल की। दोनों बेटियों की सफलता से उनके परिजनो सहित क्षेत्रवासीय मे खुशी का माहौल बना हुआ है।

For Feedback - Feedback@crimejasoos.news

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment