सेराजुल हुदा
दुद्धी / सोनभद्र। गर्मी के दिनों मे नगर वासी पेयजल की समस्या से जूझते रहते हैं,नगर पंचायत प्रशासन द्वारा नगर वासियों को राहत प्रदान करने के लिए टैंकर के द्वारा पानी की सुविधा उपलब्ध की जाती है फिर भी लोगों को पानी की किल्लत बनी रहती है। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए चेयरमैन कमलेश मोहन पिछले एक वर्ष से लगातार प्रयासरत थे और उनका मेहनत रंग लाया। शासन द्वारा नगर की बहुप्रतीक्षित 44 करोड़ की लागत वाली वृहद पेयजल योजना अमृत 2.0 को हरी झंडी मिल गयी। कार्यदायी संस्था जल निगम ने टेंडर प्रक्रिया शुरु कर दी है। इससे नगर पंचायत की पेयजल व्यवस्था आगामी पचासों वर्ष के लिए सुदृढ़ व व्यवस्थित हो जायेगी। इस आशय की जानकारी व खुशखबरी देते हुए चेयरमैन कमलेश मोहन ने बताया कि गर्मी के दिनों मे हर वर्ष पेयजल की भीषण किल्लत व समस्या से नगरवासियों को होने वाली दिक्कत के मद्देनजर पिछले वर्ष मुख्यमंत्री जी से मुलाकात कर लिखित अवगत कराया था। जिसे शासन ने गंभीरता से लेते हुए, टीम गठित करके पेयजल समस्या के स्थाई समाधान के निर्देश एमडी जल निगम को दिये थे।करीब महीनों चले सर्वे के बाद कनहर बांध अमवार से पानी को लिफ्ट कर, ठेमा जलकल संस्थान दुद्धी फिल्टर प्लांट (डब्ल्यूटीपी) तक पहुंचाना और फिर नई पाईप लाइन के जरिये नगरवासियों को पेयजल उपलब्ध कराने की योजना शामिल है। उन्होंने बताया कि लम्बे प्रयास के बाद सरकार ने इस योजना को हरी झंडी देते हुए, वित्त विभाग ने धन आवंटित कर स्वीकृति प्रदान कर दी है।जिसके अंतर्गत योजना को मूर्त रूप देने के लिए जल निगम ने कवायद तेज कर दी है। इसके लिए विभाग ने 28 अगस्त 2025 को टेंडर जारी कर दिया है। टेंडर डालने की अंतिम तिथि 27 सितम्बर और खोलने की तिथि 29 सितम्बर 2025 नियत है। इसके लिए उन्होंने सभी का आभार जताते हुए कहा कि पेयजल के क्षेत्र मे यह एक क्रान्तिकारी उपलब्धि नगरवासियों के लिए वरदान साबित होगी। और आने वाले समय मे पेयजल समस्या से हमेशा के लिए निजात मिल जायेगा।

