सेराजुल हुदा
दुद्धी /सोनभद्र। स्थानीय तहसील क्षेत्र के म्योरपुर विकास खंण्ड मे दुकानदार द्वारा ऊँचे दाम पर यूरिया खाद बेचने की शिकायत मिलने पर एसडीएम दुद्धी निखिल यादव एवं कृषि विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारा। जांच के दौरान 231 बोरी खाद का अवैध रूप से भंडारण किया गया था। जिस पर उप जिलाधिकारी निखिल यादव ने दुकानदार का लाइसेंस निरस्त करने का आदेश दिया। उन्होंने तहसील क्षेत्र के तीनों विकास खंण्डो के खाद विक्रेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों को उचित दाम पर खाद बेचे एवं अवैध खाद भंडारण से बाज आ जायें, वरना उनके खिलाफ कार्यवाही करते हुए उनका लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा। आपको बता दें की खाद की समस्या से जूझ रहे किसानों को राहत प्रदान करने के लिए उप जिलाधिकारी दुद्धी निखिल यादव लगातार प्रयास रत है। अभी कुछ दिन पूर्व ही उन्होंने खाद की समस्या से निजात दिलाने के लिए और समितियों पर अनावश्यक भीड़भाड़ से बचने के लिए तहसील क्षेत्र के तीनों विकास खण्डों मे रोस्टर के हिसाब से खाद बेचने का शेड्यूल जारी किया । जिससे खाद लेने के लिए किसानों को धक्का मुक्की ना करना पड़े और आसानी से उन्हें खाद उपलब्ध हो जाये। छापेमारी के दौरान कृषि विभाग की टीम के साथ म्योरपुर थानाध्यक्ष कमल नयन दुबे एवं अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहें।

