Sonbhadra Accident: ऑटो के धक्के से युवक की मौत
सोनभद्र:पन्नूगंज थाना क्षेत्र केबभनगवां गांव में स्थित इंटर कालेज के पास आटो के धक्के से एक युवक की मौत हो गई। वह बाजार से पैदल अपने घर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आटो ने उसे धक्का मार दिया।
पन्नूगंज थाना क्षेत्र के बभनगवां गांव निवासी 35 वर्षीय ओमप्रकाश पुत्र स्व. राजेन्द्र सोमवार की शाम अपने घर से रामगढ़ बाजार गए हुए थे। बाजार से देर शाम वे पैदल ही अपने घर वापस लौट रहे थे। शाम लगभग आठ बजे जैसे ही वे बभनगवां गांव में स्थित इंटर कालेज के पास पहुंचे, इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे आटो ने उन्हें धक्का मार दिया।
इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तियरा ले जाया गया। हालत गंभीर देख डाक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी हालत में सुधार न होता देख डाक्टरों ने उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। वाराणसी ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। उधर घटना को अंजाम देने के बाद आटो चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

