अशोक मद्धेशिया
सवाददाता
जुगैल/सोनभद्र। थाना जुगैल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत भरहरी के टोला चकदहिया में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया, जब बंधी में नहाने गईं दो किशोरियाँ डूब गईं। इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे गांव में मातम छा गया। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक किशोरियाँ अमरावती (13 वर्ष) पुत्री धर्मू एवं रिंकू (12 वर्ष) पुत्री लहुरमन खरवार, चकदहिया स्थित विद्यालय से पढ़ाई कर लौट रही थीं। रास्ते में गर्मी के कारण वे बंधी में नहाने चली गईं, जहां गहराई का अंदाज़ा न लगने के कारण दोनों डूब गईं। घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान भरहरी राम अवतार ने तत्काल थाना जुगैल को सूचना दी। सूचना पाकर जुगैल थाना प्रभारी नागेश सिंह मय फोर्स मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेज दिया। इधर, हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।

