सेराजुल हुदा
दुद्धी/ सोनभद्र। स्थानीय तहसील क्षेत्र के ग्राम अमवार मे स्थित कन्हर डैम का उप जिलाधिकारी दुद्धी निखिल यादव ने स्थलीय निरीक्षण कर कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। पिछले कुछ दिनों से छत्तीसगढ़ और यूपी मे लगातार वर्षा के कारण कन्हर नदी अपने उफान पर है जिसके कारण लगातार गेट को खोलकर एक्स्ट्रा पानी को डिस्चार्ज किया जा रहा है जो नदी के किनारे स्थित गांव वालों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। आज गुरुवार को भी डैम के चार गेट को खोलकर एक्स्ट्रा पानी का निकासी किया जा रहा है। चूंकि नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है इसलिए उप जिलाधिकारी निखिल यादव ने मौका मुयायना कर डूब क्षेत्र के लोगों से विशेष रूप से सावधानी बरतने की सलाह दी है। डूब क्षेत्र रहवासी किसी भी प्रकार से जोखिम मोल न लेते हुए ऊंचे और सुरक्षित स्थानों पर जाकर अपना निवास करें। शासन द्वारा जल्द ही बचे हुए लोगों को राहत पैकेज उपलब्ध करा दिया जाएगा।

