सोनभद्र: नगर के सिविल लाइन स्थित एक होटल में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की ओर से गोष्ठी हुई। इसमें हम हैं हिंदुस्तान विषय पर चर्चा करते हुए वक्ताओं ने विविधता में एकता को भारत की खूबी बताई। राष्ट्र की तरक्की में एकजुट होकर योगदान देने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य व वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार ने कहा कि हम किसी भी भाषा, बोली के हों, लेकिन अपने देश के प्रति आदर व्यक्त करना चाहिए। हमारी संस्कृति एक रहने की है।कोई भी धर्म आपस में बैर रखना नहीं सिखाता, लेकिन कुछ लोगों के बहकावे में आकर लड़ने लगते हैं।दुनिया में कई मुस्लिम देश हैं, लेकिन वहां रहने वालों को उस देश के नाम से ही बुलाया जाता है न कि मुसलमान
इसी तरह भारत में रहने वाला हर व्यक्ति भारतीय है। उसे जाति, मजहब के नाम पर न बांटें। हमारी पहचान हमारे मुल्क से है।मुस्लिम राष्ट्रीय मंच इसी लक्ष्य के साथ अभियान लेकर चल रहा है। अध्यक्षता कर रहे हाजी अमीरुल्लाह ने कहा कि हम गंगा जमुनी तहजीब को मानने वाले हैं।हम इस देश में रहते हैं, यहां का अन्न खाते हैं। हमारी मजारों पर सबसे ज्यादा हिंदू ही चादर चढ़ाने आते हैं।
ऐसे में हमारे वक्फ में कोई हिंदू शामिल होता है तो उसमें कोई तकलीफ नहीं है।वक्फ के नाम पर सिर्फ भ्रम फैलाया जाता रहा है। कार्यक्रम में ओमप्रकाश पांडेय, अजहरुद्दीन, वकील अहमद खां, मकसूद आलम, मुस्तकीम खान आदि मौजूद रहे।

