सोनभद्र:रेणुकूट के पिपरी थाना क्षेत्र के पाटी गांव में शनिवार को प्रेमी युगल ने फंदा लगाकर जान दे दी। जंगल में पेड़ पर दोनों के शव फंदे के सहारे लटकता मिला चेहरा आमने-सामने था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।लड़की की मांग में सिंदूर भी था। इससे संभावना जताई जा रही है कि घर से भागकर दोनों ने शादी रचाई, फिर जान दे दी। पिछले दस दिनों में प्रेमी युगल के जंगल में फंदा लगाकर जान देने की यह तीसरी घटना है
पाटी ग्राम पंचायत के सुदूरवर्ती पहाड़ टोला से सटे जंगल में शनिवार की दोपहर में कुछ लोग लकड़ी बीनने गए थे। वहां उनकी नजर पेड़ पर लटकते युवक-युवती के शव पर पड़ी। युवक का शव गमछे से लटक रहा था तो युवती के गर्दन में दुपट्टा बंधा था। दोनों के चेहरे आमने-सामने थे।सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। दोनों की पहचान गांव के राजकुमार खरवार (23) और मनीषा खरवार (21) के रूप में हुई। परिजनों के मुताबिक दोनों सुबह ही अलग-अलग घर से निकले थे। परिजन उनके इस खौफनाक कदम से सकते में हैं।पिपरी थानाध्यक्ष नागेश सिंह ने बताया कि शव को फंदे से उतरवाकर पीएम के लिए भेज दिया गया रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि दोनों आपस में प्रेम करते थे और शादी भी करना चाहते थे, लेकिन घर वाले इसके लिए तैयार नहीं थे। करीब एक माह पहले गांव में पंचायत भी हुई थी, तब दोनों ने अलग-अलग रहने पर सहमति भी जताई थी।

