घोरावल (सोनभद्र): घोरावल रावर्ट्सगंज मार्ग पर कोतवाली क्षेत्र के खरूआंव में सोमवार की रात ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। इस दुर्घटना मे बाइक सवार दो लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। पुलिस ने मृतक को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के कम्हरिया गांव निवासी ओम प्रकाश (22) किसी काम से दो भांजों के साथ सोमवार की देर शाम बाइक पर सवार होकर निकला था। सोमवार की रात बाइक से तीनों लोग गांव की तरफ जा रहे थे। उसी दौरान कम्हरिया मोड़ के समीप ट्रैक्टर के धक्के से ओम प्रकाश की मौत हो गई। और बाइक सवार भांजा राजा 25 वर्ष और सोनू 22 वर्ष निवासी इमलीपुर थाना करमा घायल हो गए।
सूचना मिलते ही मौके पर प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा मय फोर्स पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस से सभी को घोरावल सीएचसी भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने ओम प्रकाश को देखकर मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर घोरावल चौकी प्रभारी अजय कुमार श्रीवास्तव ने सीएचसी पहुंच कर उनके परिजनों से घटना की जानकारी ली। उधर हादसे के बाद स्वजन में कोहराम मच गया।
बताया गया कि मृतक ओमप्रकाश चेन्नई में काम करता था। उसके बड़े भाई राजकुमार के बेटी की शादी बीते 3 मई को थी। वह अपने भतीजी की शादी मे शामिल होने के लिए घर आया था। मृतक चार भाइयों मे सबसे छोटा व अविवाहित था।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हुई है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया गया है। घटना के संबंध में मंगलवार को परिजनों से मिली तहरीर पर एक्सीडेंट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। अज्ञात ट्रैक्टर व चालक की तलाश की जा रही है।

