बीजपुर सोनभद्र
(बग्गा सिंह ) थाना क्षेत्र अंतर्गत जरहाँ ग्राम पंचायत निवासिनी एक महिला की प्रसव के दौरान गुरुवार को मौत हो गई । जिससे आक्रोशित परिजनों ने एएनएम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा बुझाकर शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण हेतु भेज दिया ।
जानकारी के अनुसार सुशीला देवी ( 44 वर्ष ) पत्नी रामनारायण निवासिनी टोला लहबरवा, ग्राम पंचायत जरहाँ, को गुरुवार को प्रसव पीड़ा हुई तो परिजन उसे लेकर जरहां स्थित मातृत्व केंद्र पहुंचे । आरोप है कि वहां तैनात एएनएम प्रियंका सिंह ने मरीज को मातृत्व केंद्र में ना रख कर अपने घर पर ही प्रसव कराने लगी रात्रि करीब 8 बजे महिला को बच्चा पैदा हुआ इसके बाद महिला को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा । अत्यधिक रक्तस्राव होता देख के एएनएम के हाथ पांव फूल गए । आनन फानन में एएनएम ने महिला को म्योरपुर रेफर कर दिया । इसी दौरान मौके पर ही महिला ने दम तोड़ दिया । परिजनों ने उक्त एएनएम पर आरोप लगाया है कि इलाज की समुचित व्यवस्था न होते हुए भी एएनएम ने 5000 रुपये में प्रसव कराने की बात कह कर उन्हें रोक लिया जिससे प्रसव के दौरान लापरवाही से महिला की मौत हो गई। इस संदर्भ में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश मिश्रा ने बताया कि शव को अन्त्य परीक्षण हेतू भेज दिया गया है रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी । जबकि सीएचसी म्योरपुर अधीक्षक डॉक्टर पीएन सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है जांच कराई जाएगी ।।

