बग्घा सिंह,
बीजपुर(सोनभद्र) हर घर जल हर घर नल नमामि गंगे पेयजल परियोजना झीलों खम्हरिया बीजपुर के अंतर्गत कार्यदायी संस्था जीपीबीआर कम्पनी के ठेकेदार पाइप डालने के नाम पर मौत का कुँआ खोद कर छोड़ रहे हैं जिसके कारण आयेदिन सड़क हादसे में अकारण हो रही मौत की संख्या बढ़ती जा रही है।बताया जाता है कि रेणुकोट बीजपुर मुख्य सड़क मार्ग सहित गाँवों में सम्पर्क सड़क में गढ्ढा खोद कर पाइप डालने के बाद आधा अधूरा मिट्टी भर कर गढ्ढे को छोड़ देने और बाकी मिट्टी को बेतरतीब सड़क किनारे टाल लगा देने से आयेदिन बाइक सवार गिर कर चोटिल हो रहे हैं। इतना ही नही कई बाइक सवार अब तक खोदे गए गढ्ढे में गिर कर अपनी जान तक गंवा बैठे हैं।इसी तरह बैढन बीजपुर सड़क मार्ग पर बीजपुर थाना क्षेत्र के शांतिनगर बस्ती में आवागमन के लिए बनाई गई सीसी सम्पर्क सड़क को ठेकेदार द्वारा शुक्रवार की रात खोद कर छोड़ देने से कई लोग दुर्घटना में चोटिल हो गए हैं।ग्रामीणों ने इसकी शिकायत जब ठेकेदार की तो ग्रामीणों को देख लेने की धमकी दी गयी जिससे लोगों के कार्यदायी संस्था के प्रति आक्रोश ब्याप्त है।ग्रामीण भगवान दास यादव,मोहन पाल, रामसुभग,मौहर,रामदर्शन सहित अनेक का आरोप है कि घर के पास रखा गया ईंट और गिट्टी ठेकेदार के लोगों ने जेसीबी मशीन से बर्बाद कर दिया है।सीसी सड़क में गढ्ढा बना कर छोड़ दिया गया है जिसके कारण गाँव के बच्चे और मवेशियों का निकास बन्द हो गया है।बताया गया कि गढ्ढे के कारण वाहनों से आवागमन में ग्रामीणों को कठिनाई हो रही है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को पत्र भेज कार्यदायी संस्था और ठेकेदारों के कार्य प्रणाली में सुधार के साथ गड्ढों की खुदाई के बाद सड़क को तत्काल ठीक कराने की मांग की है।

