उमेश सागर ऊर्जांचल ब्यूरो
शक्तिनगर। केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल शक्तिनगर इकाई द्वारा गुरुवार को पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। जिसमें उन सभी पुलिस कर्मियों को याद किया गया जिन्होंने देश की संप्रभुता की रक्षा करते हुए कर्तव्य के दौरान अपने प्राणों का बलिदान दे दिया। इस अवसर पर केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल इकाई प्रभारी कमाण्डेन्ट गोपाल दत्त द्वारा शहीद स्मृति चिन्ह को स्मृति परेड के दौरान सलामी दी गई।
बल सदस्यों द्वारा पुष्प अर्पित कर सभी शहीद जवानों को श्रद्धांजली दी गई तथा शहीदो के प्रति कृतज्ञता दिखाते हुए 02 मिनट का मौन रखा गया। कमाण्डेन्ट द्वारा जानकारी दी गई कि सन 1959 में केन्द्रीय पुलिस बल के जवानों को लद्दाख में चीनी सेना द्वारा घात लगाकर हमला कर शहीद किया गया था। तभी से प्रतिवर्ष 21 अक्तूबर को डयूटी के दौरान शहीद पुलिस कर्मियों की याद में पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर आम नागरिकों को जागरूक करने के लिए केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों द्वारा एनटीपीसी टाउनशीप एरिया में पुलिस स्मृति रूट मार्च निकाला गया जिसमें सहायक कमाण्डेन्ट अनुराग कुमार आर्या एवं अन्य अधिकारीगण व जवानों ने भाग लिया।

