सोनभद्र:-जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए शनिवार को सपा पार्टी से जयप्रकाश पांडेय व अपना दल (एस) से राधिका पटेल ने नामांकन किया। नामांकन से पहले सबसे अधिक घमासान सत्ता पक्ष के अंदर देखने को मिला। भाजपा के संभावित प्रत्याशी द्वारा पर्चा खरीदने के कारण पूरे दिन उनके नामांकन को लेकर अटकलें
लगती रहीं। दोपहर तीन बजे तक नामांकन पत्र दाखिल न होने से गठबंधन सहयोगी अद ने राहत की सांस ली, बावजूद इसके जिस तरह से अटकलों का बाजार गर्म था,इसका सीधा फायदा समाजवादी पार्टी को मिलता दिख रहा था।अनारक्षित सीट पर उसी वर्ग से प्रत्याशी बनाने की मांग को लेकर विवाद इस कदर बढ़ गया था कि कई जनप्रतिनिधियों को बीच-बचाव करना पड़ा। अपना दल के पदाधिकारियों को अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा करने में शुक्रवार की देर रात हो गई।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुआ नामांकन:-नामांकन के दौरान कलेक्ट्रेट में काफी संख्या में प्रत्याशी समर्थकों के साथ आम जन की भीड़ जुटी रही। सुरक्षा व्यवस्था के लिए बैरिकेडिग और पुलिस फोर्स भी तैनात की गई थी। हालांकि उत्साह में कई लोग कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन भी करते दिखे। कलेक्ट्रेट परिसर में प्रत्याशी व उसके कुछ सहयोगियों को ही अंदर जाने दिया गया। समर्थकों को कलेक्ट्रेट रोड पर ही पुलिस ने रोक दिया था।
जिला पंचायत अध्यक्ष के पद के लिए सात प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदा था। शनिवार को तीन बजे तक सीर्फ दो नामांकन होने के बाद अब कुर्सी के लिए आमने-सामने की लड़ाई हो गई है। 31 सदस्यों वाले जिला पंचायत में 16 सदस्य जिसके पास होंगे, अध्यक्ष की कुर्सी उसके पास होगी। वैसे नाम वापसी 29 जून को होनी है।
तीन जुलाई को मतदान व मतगणना:- जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए मतदान और मतगणना तीन जुलाई को होगी।नामांकन प्रक्रिया शनिवार को संपन्न हो गई। वहीं नाम वापसी 29जून को होगा। तीन जुलाई को सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक होगा, इसके बाद मतगणना का कार्य किया जाएगा

