सोनभद्र:इन दिनों स्वास्थ्य व्यवस्था का हाल क्या है इसका अंदाजा बुधवार को चतरा ब्लाक के राजकीय मॉडल स्कूल रामगढ़ में हुए वाकया से सहज ही लगाया जा सकता है। यहां एक महिला कार्मिक की तबीयत अचानक खराब हो गई। एंबुलेंस के लिए फोन किया गया, लेकिन तीन घंटें का समय बीतने के बाद भी नहीं पहुंची। हद तो तब हो गई जब वहां मौजूद अन्य अधिकारी भी आगे नहीं आए। बाद में एक कर्मी ने किसी तरह से महिला के परिवार वालों को सूचना दी । शाम पांच बजे पहुंचे परिवार के लोग उसे अपने निजी साधन से इलाज के लिए ले गए।
चतरा ब्लाक की पोलिंग पार्टियों को रवाना करने के लिए राजकीय मॉडल स्कूल रामगढ़ में सभी कर्मियों को बुलाया गया था। इसी में राबर्ट्सगंज ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय लोहधारा से ड्यूटी करने के लिए स्मृति आईं थीं। दोपहर करीब एक बजे अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। उन्हें हल्का बुखार, खांसी और सांस की समस्या होने लगी। इस पर उन्होंने मौजूद अधिकारियों को बताया। तत्काल 108 नंबर एंबुलेंस को फोन किया गया, लेकिन एंबुलेंस नहीं आई। एक घंटे बाद पुनः किया गया बावजूद इसके एंबुलेंस नहीं। इस तरह से करीब तीन घंटे का समय बीत गया, लेकिन न तो एंबुलेंस आई और न ही वहां के किसी अधिकारी ने अपने निजी साधन से चिकित्सालय भेजा। शाम पांच बजे परिवार के लोग आए तब उपचार के लिए ले गए। एडीओ पंचायत सुधाकर राम ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को कई बार सूचना दी गई लेकिन कोई भी मौके पर नहीं आया।

