सोनभद्र संवाददाता(जयदीप गुप्ता)।
कोन। विद्युत विभाग द्वारा संचालित एकमुश्त समाधान योजना के अंतिम चरण को सफल बनाने हेतु विभाग ने कोन क्षेत्र के गांव-गांव में जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। उपभोक्ताओं को योजना की विस्तृत जानकारी देने के लिए विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिकाधिक लोग योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। इसी क्रम में मंगलवार को पिपरी उपखंड के उपखंड अधिकारी धीरेन्द्र प्रताप कौशल कोन विद्युत उपकेंद्र पहुंचे तथा उपभोक्ताओं से सीधा संवाद किया।
उपखंड अधिकारी ने बताया कि एकमुश्त समाधान योजना का तृतीय एवं अंतिम चरण शीघ्र समाप्त होने वाला है। ऐसे में जिन उपभोक्ताओं ने अब तक पंजीकरण नहीं कराया है, वे तत्काल पंजीकरण कराकर योजना के अंतर्गत देय मूलधन पर 15 प्रतिशत तक की छूट का लाभ उठाएं। उन्होंने इसे उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए समय-सीमा के पूर्व आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य बकाया बिलों के कारण किसी भी उपभोक्ता को असुविधा न होने देना है। पूर्ववर्ती दोनों चरणों में भी व्यापक प्रचार-प्रसार के परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कर बकाया जमा किया, जिससे राजस्व वसूली में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई।
कैंपों के माध्यम से मीटर रीडिंग, त्रुटिपूर्ण बिल, सरचार्ज सहित विभिन्न शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विभाग पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य कर रहा है तथा उपभोक्ताओं की सुविधा सर्वोपरि है।
इस अवसर पर गौतम यादव, सुनील शर्मा, नारद जायसवाल, दिलीप कुमार, रविंद्र कुमार सहित अन्य बिजलीकर्मी उपस्थित रहे।

