सोनभद्र: सदर कोतवाली क्षेत्र के छपका लोढ़ी वार्ड नंबर 2 में पावर हाउस के टावर पर सायंकाल विश्राम कुमार पुत्र जंगी प्रधान निवासी ग्राम मगरदहा थाना करमा जनपद सोनभद्र, उम्र लगभग 23 वर्ष, अपने ससुराल ग्राम छपका थाना रॉबर्ट्सगंज जनपद सोनभद्र में पत्नी की विदाई हेतु आया था। पारिवारिक कारणों से विदाई न होने पर क्षुब्ध होकर उक्त युवक 33 हजार के हाईटेंशन विद्युत टावर पर चढ़ गया।सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा संयम, धैर्य एवं संवाद स्थापित कर युवक को समझाया गया। काफी प्रयास के उपरांत युवक को सुरक्षित एवं सकुशल नीचे उतार लिया गया, जिससे एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।परिजनों को सूचना दे दी गई है तथा आवश्यक अग्रेतर विधिक एवं शांति व्यवस्था संबंधी कार्यवाही की जा रही है। मौके पर स्थिति पूर्णतः सामान्य है।

