सत्यपाल सिंह,,,,म्योरपुर/सोनभद्र खेल मैदान पर आयोजित 22वीं अंतर्राज्यीय क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें गया टीम ने भदोही को 30 रन से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। मुकाबले में गया के कप्तान राहुल भारती ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया, जो टीम के लिए निर्णायक साबित हुआ।
पहले बल्लेबाजी करते हुए गया टीम ने निर्धारित 15 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 193 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। कप्तान राहुल भारती ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों में 86 रन बनाए, जिसमें 9 छक्के और 6 चौके शामिल रहे। युवराज ने 23 गेंदों में 42 रन और प्रवीन ने 13 गेंदों में 27 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
भदोही की ओर से गेंदबाजी में राजन यादव ने 2 विकेट लेकर 41 रन खर्च किए, जबकि शाहिल ने 2 विकेट लेकर 25 रन दिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भदोही टीम ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन अंततः लक्ष्य से 30 रन पीछे रह गई। शिवमनी ने 15 गेंदों में 34 रन और शनि ने 9 गेंदों में 28 रन की तेज पारी खेली, मगर टीम जीत हासिल नहीं कर सकी।
गया की ओर से गेंदबाजी में युवराज ने 3 विकेट लेकर 35 रन दिए। रोहित सिंह ने 2.3 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि रिशिराज ने 2 विकेट अपने नाम किए।
मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए राहुल भारती को मैन ऑफ द मैच और रोहित सिंह को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।
प्रतियोगिता के दौरान मुख्य अतिथि रजनीश श्रीवास्तव और विशिष्ट अतिथि चंद्रशेखर की उपस्थिति रही। अंपायर की भूमिका रंजीत जायसवाल और प्रियांशू अग्रहरि ने निभाई, जबकि स्कोरर आदित्य तिवारी और कमेंटेटर बाबा साही रहे।
भदोही टीम की कप्तानी अवनीश ने की। म्योरपुर खेल मैदान पर आयोजित इस प्रतियोगिता का समापन सफलतापूर्वक हुआ, जहां दर्शकों ने पूरे उत्साह के साथ फाइनल मुकाबले का आनंद लिया।

