सोनभद्र: ओबरा थाना क्षेत्र में स्थित कृष्णा स्टोन क्रेशर प्लांट पर हथियारबंद लोगों ने धावा बोलकर जमकर उत्पात मचाया। गिट्टी लोड कराने आए ट्रकों में तोड़फोड़ की गई, कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई और क्रेशर प्लांट परिसर में रखे सामान को भी क्षतिग्रस्त किया गया। पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में हड़कंप का माहौल बना हुआ है।जानकारी के अनुसार बिल्ली मारकुंडी राज पहाड़ी कृष्णा स्टोन क्रेशर प्लांट पर करीब 6 से 7 लोग अचानक पहुंच गए। आरोप है कि हमलावर हथियारों से लैस थे और उन्होंने मौके पर मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान गिट्टी लोड करने आए ट्रकों के शीशे तोड़े गए और प्लांट परिसर में खड़ी गाड़ियों व अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया गया। अचानक हुई इस घटना से वहां काम कर रहे मजदूरों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ितों से पूछताछ की। थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में चार नामजद आरोपियों समेत 6 से 7 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर मिला है प्रारंभिक जांच में शराब के नशे में मारपीट की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

