*** रोंमाचक मैच मे भभुआ की टीम को तीन विकेट से पराजित कर 39 वें अंतर्राजीय क्रिकेट टूर्नामेंट के विजेता कप पर किया कब्जा ***
सेराजुल हुदा
दुद्धी/ सोनभद्र। 39 वें अंतर्राजीय क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मैच काफी रोंमाचक रहा, जिसमे टूर्नामेंट की दो मजबूत टीम मेजबान टाउन क्रिकेट क्लब एवं भभुआ क्रिकेट क्लब के बीच आपस मे जोरदार मुकाबला हुआ। मेजबान टीम टाउन क्लब ने भभुआ की टीम को तीन विकेट से पराजित कर विजेता शील्ड अपने नाम किया। आपको बता दें कि मैच का टॉस मेजबान टीम के कप्तान सागर ने जीता और पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया । जिसमे पहले बल्लेबाजी करते हुए भभुआ ने 18 ओवर में सभी विकेट गवांकर 168 रन बनाए, समरजीत ने 4 छक्के व 2 चौके लगाकर 35 रन, धनंजय ने 2 छक्के व 4 चौके से 29 रन, अनुभव ने 1 छक्का व 4 चौके से 27 रन, रोहन ने 2 छक्के व 2 चौके से 27 रन जोड़े।
मेजबान गेंदबाज ओमकार ने 4 ओवर में 30 रन देकर 5 विकेट लिए, आकाश ने 4 ओवर में 37 रन पर 2 विकेट, अमन ने 2 ओवर में 17 रन पर 1 विकेट, धर्मेंद्र ने 4 ओवर में 41 रन पर 1 विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दुद्धी ने 19.2 ओवर में 7 विकेट पर 171 रन बनाए। रजत राज ने 4 छक्के व 3 चौके से 38 रन, सृजन ने 3 छक्के व 5 चौके से 38 रन, आकाश ने 2 छक्के व 3 चौके से 26 रन, सिद्धार्थ ने 1 छक्का व 4 चौके से 26 रन ठोके।
भभुआ के गेंदबाज विकास ने 3 ओवर में 18 रन पर 3 विकेट, सिद्धार्थ ने 4 ओवर में 37 रन पर 2 विकेट, दानिश ने 4 ओवर में 33 रन पर 1 विकेट लिया। मैच में घातक गेंदबाजी करने वाले खिलाड़ी ओमकार को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जिन्हें मुख्य अतिथि पूर्व विधायक हरीराम चेरो के हाथों पुरस्कृत किया गया। सभी खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार दिए गए। विजेता दुद्धी को 50 हजार और उपविजेता भभुआ को 30 हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया गया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक हरीराम चेरो का आयोजन कमेटी ने माल्यार्पण व स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन मे बेहतरीन आयोजन के लिए कमेटी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि विधायक रहूं या न रहूं, दुद्धी की जनता के लिए हमेशा प्यार, सहयोग व सम्मान बना रहेगा। उन्होंने भविष्य में हरसंभव मदद का आश्वासन दिया और दोनों टीमों को बधाई दी।
समारोह अध्यक्ष चेयरमैन कमलेश मोहन ने पूर्वांचल के ऐतिहासिक टूर्नामेंट के लिए खिलाड़ियों व आयोजन कमेटी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि गत वर्ष के वादे के अनुरूप खेल मैदान की नई बाउंड्रीवाल बनवाई गई है और आगे हर मदद करेंगे।साथ ही उन्होंने नगर के विभिन्न विकास कार्यों का खाका खींचा। अंत मे 39 वें टूर्नामेंट के अध्यक्ष सुमित सोनी व सचिव रजत राज ने सभी का आभार जताया।

