रेशमा खानम,,,अनपरा सोनभद्र।
एनसीएल ककरी परियोजना आवासीय परिसर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ककरी के प्रांगण में आज विद्या की देवी माँ सरस्वती का पूजनोत्सव अत्यंत हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के भैया-बहनों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच माँ शारदे की आराधना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मा० अरुण कुमार दुबे जी विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य एवं क्षेत्रीय अध्यक्ष भारतीय मजदूर संघ एवं विद्यालय के व्यवस्था प्रमुख श्रीमान सत्येंद्र कुमार पांडे जी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन एवं माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। मुख्य अतिथि जी ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन संपन्न कराया और भैया बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि मां सरस्वती आप सभी लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती रहे जिससे हम लोग एक अच्छे सुयोग्य नागरिक के रूप में देश का निर्माण कर सके। आज का दिन नई ऊर्जा और ज्ञान के प्रकाश के संकल्प का दिन है।
भैया-बहनों द्वारा सुमधुर सरस्वती वंदना और भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
विद्यालय के सभी भैया बहनों ने अनुशासन के साथ पूजन हवन में भाग लिया और शिक्षा के क्षेत्र में उन्नति का आशीर्वाद माँगा।
आरती के पश्चात सभी उपस्थित जनों और विद्यार्थियों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
पूजन का कार्यक्रम आचार्य राजेश कुमार तिवारी जी ने संपन्न कराया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि महोदय ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के
चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। तत्पश्चात भैया सत्यम सोनी ने सुभाष चंद्र बोस जी के जीवन वृत्त पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त आचार्य बंधु भगिनी, अभिभावक/ माताएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने माँ सरस्वती से सुख-समृद्धि और सद्बुद्धि की कामना की।

