सेराजुल हुदा
दुद्धी/ सोनभद्र । स्थानीय कोतवाली क्षेत्र की रजखड़ घाटी मे शुक्रवार को अवैध शराब तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया। पंजाब से बिहार जा रहे एक ट्रक के अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई मे गिरने से छुपा कर ले जा रही हजारों बोतल मे अंग्रेजी शराब सड़क पर बिखर गई। यह घटना स्थानीय ग्रामीणों के बीच अफरा-तफरी और दहशत का कारण बनी। सूचना मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी, सीओ राजेश कुमार राय, प्रभारी निरीक्षक स्वतंत्र देव सिंह, कस्बा प्रभारी हरिकेश राम और जयशंकर राय की अगुवाई मे भारी पुलिस बल पहुंचा। पुलिस ने ट्रक को कब्जे मे लेकर बड़ी मात्रा में शराब बरामद की। जांच में पता चला कि ट्रक की नंबर प्लेट नकली थी और शराब को चावल की बोरियों के अंदर छुपा कर तस्करी की जा रही थी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ट्रक चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया है। फिलहाल पुलिस ने ट्रक को सुरक्षा मे लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।

