अनपरा/डिबुलगंज, सोनभद्र। अनपरा थाना क्षेत्र के डिबुलगंज में सोमवार सुबह नाश्ता बनाने के दौरान घर में रखे एलपीजी सिलेंडर में अचानक आग लग गई। समय रहते भागकर महिला ने अपनी जान बचाई, लेकिन आग बुझाने के प्रयास में उसका पति गंभीर रूप से झुलस गया। उसका उपचार अस्पताल में चल रहा है।
मामला अनपरा नगर पंचायत के वार्ड संख्या 2, भगतसिंह नगर मोहल्ले का है। यहां के निवासी रहिस खान ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे उनकी बहू रसोई में नाश्ता बना रही थी। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। बहू शोर मचाते हुए किसी तरह बाहर निकल आई।
चीख-पुकार सुनकर घर का युवक इम्तियाज शेख मौके पर पहुँचा और आग बुझाने लगा। इसी दौरान वह बुरी तरह झुलस गया। परिजनों ने तुरंत उसे नगर स्थित संयुक्त अस्पताल पहुँचाया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों की मदद से समय रहते किसी तरह सिलेंडर को घर के बाहर निकाल दिया गया, घंटों सिलेंडर बाहर जलता रहा परन्तु अग्नि शमन की गाड़ी नहीं आई किसी तरह बड़ा हादसा टल गया।

