शक्तिनगर/सोनभद्र एनटीपीसी शक्तिनगर के आवासीय परिसर में स्थित संत जोसेफ स्कूल में विज्ञान, कला, साहित्य, कंप्यूटर, खेल, संगीत, गणित, नृत्य, सामाजिक विज्ञान एवं विविध विषयों पर आधारित प्रदर्शनी आयोजित हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जोसफ बास्टियन, सीजीएम ओ & एम0, एनटीपीसी शक्तिनगर तथा विशिष्ट अतिथि, सिद्धार्थ मंडल, प्रमुख, मानव संसाधन विभाग, एनटीपीसी शक्तिनगर ने प्रदर्शनी का उद्घाटन रिबन काटने के साथ ही दीप प्रज्वलन कर किया।

मुख्य अतिथि ने सभी मॉडल का विधिवत निरीक्षण किया तथा प्रत्येक बच्चे से यह जानने का प्रयास किया कि किस प्रकार से प्रोजेक्ट को तैयार किया गया एवं इसका प्रयोजन क्या है, साथ ही इसकी प्रेरणा कैसे प्राप्त हुई। छात्रों ने सभी की जिज्ञासाओं को अनुपम ढंग से शांत किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर डॉ0 विंसेंट परेरा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रतिभा प्रदर्शन का यह आयोजन सभी को आत्मोन्नति का समुचित अवसर प्रदान करता है। प्रधानाचार्य द्वारा मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत तथा स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।
प्रदर्शनी में अभिभावकों ने भारी संख्या में अपनी उपस्थिति से सभी छात्रों का उत्साहवर्धन किया। प्रदर्शनी में शिक्षकों एवं छात्रों के द्वारा अपूर्व प्रस्तुति दी गई। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों के द्वारा अनेक गेम्स भी रखे गए थे साथ ही छात्रों एवं अभिभावकों हेतु मेले का भी आयोजन हुआ। एडवांस एयरोस्पेस इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट टेक्नोलॉजी प्लेन जो डिफेंस, कृषि एवं सेवाप्रदाता के रूप में प्रयोज्य है जिसका राज्यस्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी प्रतियोगिता के लिए भी चयन हुआ है साथ ही बॉटल रॉकेट प्रपल्सन पर आधारित प्रोजेक्ट का भी प्रदर्शन भौतिक विज्ञान प्रवक्ता विमल शर्मा के कुशल निर्देशन में सफलतापूर्वक किया गया जो आगंतुक अभिभावकों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा।
प्रदर्शनी में प्रवेश द्वार पर भारतीय संविधान की उद्देशिका के साथ ही मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों एवं नैतिक मूल्यों को भी रेखांकित करने का प्रयास चित्रकारी के माध्यम से किया गया था। अभिभावकों एवं आगंतुकों द्वारा प्रदर्शनी की भूरि भूरि प्रशंसा करते हुए विद्यालय परिवार के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की। प्रवेश द्वार से लेकर आयोजन स्थल तक की साज सज्जा का जिम्मा शिक्षिका आराधना यादव ने शिक्षक एंथॉनी लंगन के साथ उनकी टीम ने निभाया। प्रदर्शनी में प्रत्येक विभाग के शिक्षकों ने विषयानुसार अपनी कक्षा को तैयार कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सदस्यगण सहित अभिभावकगण एवं अन्य संभ्रांत नागरिकगण ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष रूप से सहयोग दिया। प्रदर्शनी में विषयवार एवं वर्गवार चयनित प्रथम 5 परियोजना को प्रधानाचार्य की ओर से पुरस्कार की घोषणा की गयी।

