शक्तिनगर/सोनभद्र,एनटीपीसी शक्तिनगर के आवासीय परिसर में स्थित संत जोसेफ स्कूल में गांधी जयंती समारोह के अवसर पर सीबीएसई बोर्ड के दिशानिर्देश के अनुसार विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। समारोह का प्रारंभ विशेष प्रार्थना सभा के साथ किया गया जिसके अंतर्गत गांधीजी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं महानायकों के जीवनवृत्त पर छात्रों ने प्रकाश डाला साथ ही नैतिक मूल्यों की अवधारणा को आत्मसात् करने हेतु प्रेरित भी किया गया तथा स्वच्छता शपथ के साथ ही प्रार्थना सभा संपन्न हुई, जिसमें कक्षा 7 के छात्रों ने महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाह किया। इसके उपरांत सीबीएसई प्रतियोगिताओं के अंतर्गत कक्षा 6 से 8 तक के छात्रों हेतु पोस्टर मेकिंग, ड्रॉइंग प्रतियोगिता तथा कक्षा 9 से 10 के छात्रों हेतु निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन सीबीएसई प्रतियोगिता प्रभारी डॉ0 योगेंद्र तिवारी के संयोजन में हुआ।

शिक्षकों ने स्वच्छता अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसर के बाहर बस पार्किंग स्थल में झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया कि हमें अपने घर, मोहल्ले, गलियों तथा आसपास के परिसर को स्वच्छ रखने का प्रयास करते हुए गांधीजी के संकल्प एवं प्रधानमंत्री जी की अवधारणा को साकार करने पर बल देना चाहिए, जिसमें स्कूल कैबिनेट का भी सहयोग सराहनीय रहा।
दशहरा के अवसर पर विद्यालय में छात्रों द्वारा नवदुर्गा पूजा एवं माहात्म्य पर प्रकाश डाला गया जिसमें छात्रों आयुष, आस्था, पूर्णिमा, शौर्य, सार्थक, आद्या, ईशा, ईशाना, संयुक्ता, हरप्रीत, अर्दिती आदि ने प्रार्थना, सुविचार, नृत्य, निष्कर्ष एवं भाषण के माध्यम से दशहरा पर्व की महत्ता को रेखांकित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर डॉ0 विंसेंट परेरा ने विद्यालय परिवार को नवदुर्गा उत्सव एवं असत्य पर सत्य के प्रतीक दशहरा पर्व की शुभकामनाओं सहित अपने संदेश में कहा कि स्वच्छता को हमें अपने दैनिक जीवन में अपनाकर नित्य प्रति सजग रहते हुए राष्ट्र की गरिमा को बढ़ाने का प्रयास करते रहना चाहिए। हमें सदैव ही अपने आचरण तथा व्यवहार के माध्यम से जन जन को अभिप्रेरित करने हेतु प्रयत्नशील रहना चाहिए। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा छात्र उपस्थित रहे।

