फेसलेस हुईं 44 सेवाएं… अब नहीं लगाना पड़ेगा एआरटीओ कार्यालय का चक्कर
परिवहन विभाग की 44 सेवाएं 9 जनवरी से हुई लाइव
टैक्स जमा करने के लिए यूपीआई व क्यूआर कोड की भी सुविधा जारी
सोनभद्र। एआरटीओ दफ्तर में 58 में 44 सेवाएं फेसलेस हो चुकी हैं। इसका मतलब अब जरूरी सेवाओं के लिए एआरटीओ का चक्कर लगाने से निजात मिल गई है। इसके लिए आवेदक घर बैठे मोबाइल के जरिये अपना आवेदन व भुगतान कर सकते हैं। विभाग में इसे अभूतपूर्व उपलब्धि माना जा रहा है।
इससे आवेदकों व अधिकारियों-कर्मचारियों को अनावश्यक दौड़भाग व लिखा-पढ़ी से राहत मिलने लगेगी। परिवहन विभाग ने जहां एक दिन पहले शुल्क व टैक्स जमा करने के लिए यूपीआई व क्यूआर कोड की सुविधा जारी किया है, वहीं परिवहन आयुक्त ने आम जनमानस से जुड़ी 44 जरूरी सेवाओं को भी ऑनलाइन कर दिया है।
इसके लिए आवेदक किसी भी सहज जनसेवा केंद्र या फिर अपने मोबाइल के जरिए आवेदन कर सकते हैं। एआरटीओ धनवीर यादव ने बताया कि सारथी पोर्टल की 25, वाहन पोर्टल की 11 व परमिट की 8 सेवाएं आम जनमानस को आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से फेसलेस रूप से उपलब्ध कराने के लिए लाइव की जा चुकी है। बदलने व रक्षा के लिए ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने के लिए सारथी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
वाहन पोर्टल की ये हैं 11 सेवाएं सोनभद्र। सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय के मोटर वाहन निरीक्षक आलोक कुमार यादव के अनुसार वाहन पोर्टल पर मोटर वाहन के पंजीयन, पूरी तरह से निर्मित बॉडी वाले वाहन, मोटर वाहन का पंजीयन कराया जा सकता है। पंजीकरण प्रमाणपत्र में पता बदलने, किराया खरीद करार की अनुशंसा, किराया खरीद करार की समाप्ति, डुप्लीकेट पंजीयन प्रमाणपत्र जारी करने, शुल्क देकर आरसी विवरण देखने, परिवहन सेवाओं में मोबाइल फोन नंबर अपडेट करने, डुप्लीकेट फिटनेस प्रमाणपत्र जारी करने व अनापत्ति प्रमाणपत्र के लिए वाहन पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।

