*एनसीएल में ‘स्वच्छता ही सेवा–2026’ के तहत आयोजित हुई ‘स्वच्छता ज्ञान यात्रा’*

---Advertisement---

 

*केंद्रीय विद्यालय, सिंगरौली के विद्यार्थियों ने एफएसटीपी प्लांट का किया शैक्षणिक भ्रमण*

सिंगरौली स्थित भारत सरकार की मिनीरत्न कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में गुरुवार को ‘स्वच्छता ही सेवा–2026’ अभियान के अंतर्गत ‘स्वच्छ पाठशाला–युवा फॉर स्वच्छता’ पहल के तहत ‘स्वच्छता ज्ञान यात्रा’ का आयोजन किया गया।

इस पहल के तहत केंद्रीय विद्यालय, सिंगरौली के विद्यार्थियों को मोरवा स्थित एफएसटीपी (फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट) का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।

इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा स्वच्छता के प्रति उनमें व्यवहारिक समझ विकसित करना था। भ्रमण से पूर्व विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को कैप एवं मास्क वितरित किए गए।

एफएसटीपी प्लांट पहुंचने पर विद्यार्थियों को संयंत्र की कार्यप्रणाली एवं अपशिष्ट प्रबंधन की विभिन्न प्रक्रियाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। प्लांट में कार्यरत कर्मियों ने विद्यार्थियों को अपशिष्ट के संग्रहण, पृथक्करण एवं प्रसंस्करण की प्रक्रिया से अवगत कराया। विद्यार्थियों को बताया गया कि विभिन्न क्षेत्रों से कचरा वाहनों के माध्यम से प्लांट तक लाया जाता है, जिसके बाद गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण किया जाता है। प्लास्टिक, मेटल एवं अन्य उपयोगी सामग्रियों को अलग कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत संग्रहित एवं प्रबंधित किया जाता है।

इस दौरान विद्यार्थियों को जेसीबी के माध्यम से कचरे को हॉपर में डालने तथा कन्वेयर बेल्ट के जरिए इसे आगे की प्रसंस्करण प्रक्रिया के लिए भेजे जाने की कार्यप्रणाली भी दिखाई गई।

‘स्वच्छता ज्ञान यात्रा’ के दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छ भारत मिशन के तहत ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, कचरे के स्रोत पर पृथक्करण, पुनर्चक्रण तथा वैज्ञानिक निस्तारण के महत्व से अवगत कराया गया। उन्हें बताया गया कि घरों में कचरे का उचित पृथक्करण एवं प्रबंधन स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

इस अवसर पर श्री आर. के. राठौर, प्रबंधक (मानव संसाधन/कल्याण)/नोडल ऑफिसर स्वच्छता, एनसीएल ने ‘स्वच्छता ज्ञान यात्रा’ का समन्वय किया।

‘स्वच्छता ज्ञान यात्रा’ के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन की प्रक्रियाओं को नजदीक से समझा तथा स्वच्छता के प्रति अपने दायित्वों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के उपरांत विद्यार्थी स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर विद्यालय के लिए रवाना हुए।

गौरतलब है कि भारत सरकार के निर्देशानुसार देशभर में 17 सितम्बर से ‘स्वच्छता ही सेवा–2026’ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत एनसीएल मुख्यालय सहित सभी परियोजनाओं एवं इकाइयों में विभिन्न स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में एनसीएल में 2 अक्टूबर 2026 को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ स्वैच्छिक श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर एनसीएल कर्मी सामूहिक श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी का संदेश देंगे।

अभियान के समापन कार्यक्रम में ‘स्वच्छता ही सेवा–2026’ के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों तथा सफाई मित्रों को भी सम्मानित किया जाएगा।

वली अहमद सिद्दीकी (प्रधान संपादक)

वली अहमद सिद्दीकी एक वरिष्ठ भारतीय पत्रकार हैं और वर्तमान में crimejasoos.news के प्रधान संपादक हैं। उन्होंने पत्रकारिता में 15 वर्षों से अधिक समय बिताया है और राष्ट्रीय और क्षेत्रीय समाचारों को कवर किया है। वे राजनीति और क्षेत्रीय रिपोर्टिंग, विशेष रूप से उत्तर प्रदेश के सोनभद्र क्षेत्र में, के विशेषज्ञ हैं।
For Feedback - Feedback@crimejasoos.news

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now