सेराजुल हुदा
दुद्धी /सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक ( ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकार दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के कुशल निर्देशन मे स्थानीय कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए एक पिकअप वाहन से 11 गोवंश बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया । बरामदगी के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया।
मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति पिकअप वाहन में 11 गोवंशों को कथित रूप से क्रूरतापूर्वक लादकर बीजपुर/लिलासी की ओर से आ रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने कर्चा टोला मधुवन जंगल के पास चेकिंग शुरू कर दी।
बताया गया कि पुलिस चेकिंग देखकर पिकअप चालक वाहन को जंगल की ओर ले गया और गोवंशों को वाहन से उतारकर बांध दिया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर 11 गोवंशों को बरामद कर लिया तथा एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान फरीद अंसारी पुत्र सफीक अंसारी निवासी चिनिया थाना चिनिया गढ़वा, झारखंड के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामदगी एवं गिरफ्तारी के आधार पर थाना दुद्धी में मु0अ0सं0 263/2026, धारा 3/5ए/8 गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता अधिनियम, 1960 के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे माननीय न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह, व उ0नि0 संजय सिंह, उ0नि0 श्यामानंद यादव, का0 धीरज पटेल, का0 राहुल, बिन्द एवं म0का0 पूजा देवी शामिल रहे ।

