सेराजुल हुदा
दुद्धी / सोनभद्र। प्रशासन के चेतावनी के बाद भी खनन माफिया अवैध खनन के कार्यों को अंजाम देने मे लगे हुए है। ताजा मामला विंढमगंज थाना क्षेत्र के पतरिहा गांव के समीप मलिया नदी का है जहाँ मंगलवार की अलसुबह करीब चार बजे अवैध रूप से बालू खनन कर परिवहन किए जाने की सूचना पर विंढमगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
इसी दौरान पुलिस ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया। पुलिस द्वारा पकड़े जाने के दौरान ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ट्रैक्टर-ट्रॉली को थाने ले आई और उसे सीज कर दिया। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि कनहर और मलिया नदी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों के माध्यम से अवैध रूप से बालू का खनन एवं परिवहन किया जा रहा है। खनन के बाद बालू को क्षेत्र में ऊंचे दामों पर बेचे जाने की बात भी सामने आ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन से नदी के प्राकृतिक स्वरूप को नुकसान पहुंच रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभागों से अवैध खनन और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने तथा इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

